ज्ञानपुर। जिले में किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को कलेक्ट्रेट सरपतहा के पास प्रस्तावित कृषि भवन एवं मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद बिंद, जिपं अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा और डीएम शैलेष कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सांसद ने कहा कि कृषि भवन एवं मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण से जनपद के किसानों को एक ही परिसर में कृषि संबंधी विभिन्न सेवाएं सुलभ होंगी। डीएम ने बताया कि कृषि भवन का निर्माण चार करोड़ 87 लाख से होगा। डीएम ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। इस मौके पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, उप कृषि निदेशक रामप्रवेश वर्मा, जिला कृषि अधिकारी इरम, भूमि संरक्षण अधिकारी अंशुमान मिश्रा आदि रहे। सं