UP: काशी के गंगा घाट पर लेजर शो...दिखा गौरवशाली इतिहास, विश्वनाथ धाम के भक्त हुए आकर्षित; जुटी भीड़
Varanasi News: यह लेज़र शो प्रतिदिन गंगा आरती के तुरंत बाद आयोजित किया जाएगा। लगभग 10 मिनट के इस प्रस्तुतीकरण में काशी की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व और ऐतिहासिक वैभव को बेहद आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जा रहा है।
विस्तार
Varanasi News: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गंगा घाट पर आकर्षक लेजर शो एक बार फिर शुरू हो गया है। लंबे अंतराल के बाद पुनः आरंभ हुए इस शो ने पहले ही दिन श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लेजर शो में ललिता घाट और काशी के गौरवशाली इतिहास का मनोहारी चित्रण प्रकाश और ध्वनि के अद्भुत संयोजन के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है।
दरअसल, पिछले वर्ष गंगा के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से लेज़र शो की मशीनें पूरी तरह जलमग्न हो गई थीं। बाढ़ के कारण मशीनों में सिल्ट भर गई और वे निष्क्रिय हो गईं, जिसके चलते शो को बंद करना पड़ा था। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में महीनों तक जलमग्न रहने के बाद इन मशीनों को दोबारा चालू करना तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण कार्य था।
आकर्षक नजारा देख लोग बनाने लगे वीडियो
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मुंबई से विशेषज्ञ तकनीशियनों की टीम को बुलाया। साथ ही विभिन्न संस्थानों के सहयोग से मशीनों की मरम्मत और पुनर्स्थापन का कार्य कराया गया। कड़ी मेहनत और विशेषज्ञता के चलते अब यह लेजर शो फिर से पूरी गुणवत्ता के साथ तैयार हो गया है।
गौरतलब है कि मंदिर न्यास द्वारा हाल ही में गंगा घाट पर सायंकालीन गंगा आरती भी शुरू की गई है, जो कम समय में ही श्रद्धालुओं के बीच खासा लोकप्रिय हो गई है। अब लेज़र शो के पुनः शुरू होने से घाट का आकर्षण और भी बढ़ गया है।
पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस शो का आनंद लिया और इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि यह शो काशी के आध्यात्मिक माहौल को और भी जीवंत बना रहा है। मंदिर न्यास का कहना है कि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के लिए इस तरह के नवाचार लगातार किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भी घाट क्षेत्र को और अधिक आकर्षक व सुविधाजनक बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।