बाबूसराय। लक्ष्मणा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सामने से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन स्थानीय लोगों और मरीजों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। उपकेंद्र पर रोजाना 15 से 20 मरीजों की ओपीडी होती है। यहां आने वाले मरीजों, तीमारदारों में हादसे का डर बना रहता है।
संतोष तिवारी, चन्नू दूबे, नीरज तिवारी, राम संजीवन, दीपक ने बताया कि मंदिर के ठीक सामने इतनी उच्च क्षमता की बिजली लाइन होने से कभी भी दुर्घटना हो सकती है, लेकिन जिम्मेदार अनभिज्ञ बने हुए हैं। यहां बाउंड्री न होने के कारण भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। परिसर में मवेशी घूस जाते हैं, जिससे सफाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से बाउंड्री निर्माण और हाईटेंशन लाइन की सुरक्षित व्यवस्था की मांग की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। गर्मी के दिनों में शाॅर्ट सर्किट होने के मामले तेजी से बढ़ते हैं। मांग की कि इस ट्रांसफाॅर्मर को हटाया जाना जरूरी है, नहीं तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रचना सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारी को दी गई है।