ज्ञानपुर। जिले के सभी तीन तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर कई फरियादियों को हर बार की तरफ इस बार भी आश्वासन ही मिल पाया। तहसीलों में पहुंचने वाले फरियादियों में कोई सालभर तो कोई चार साल से न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है। जिले की सभी तीन तहसीलों में समाधान दिवस पर कुल 92 शिकायतें आईं। जिसमें से मौके पर सिर्फ 16 का निपटारा हो पाया। बाकी 76 शिकायतें लंबित रह गईं।
डीएम शैलेश कुमार ने भदोही तहसील में 7 मामलों का निपटारा किया। यहां 36 शिकायतें आईं। भदोही तहसील में शनिवार की सुबह सभागार के बाहर फरियादियों की भीड़ लग गई। करीब 10 बजे डीएम शैलेष कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस शुरू हुआ। फरियादियों की शिकायतें सुनकर डीएम ने अधिकारियों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण निपटारा करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायत का निपटारा होने पर सहमति पत्र पर दोनाें पक्षों के हस्ताक्षर आवश्यक हैं। उन्होंने राजस्व के मामलों में लेखपाल और पुलिसकर्मियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, एसडीएम अरुण गिरी, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक आदि मौजूद रहे। ज्ञानपुर तहसील में एडीएम भानसिंह त्रिपाठी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। यहां कुल 24 मामले आए। मौके पर चार का निपटारा हो पाया। औराई तहसील में एसडीएम अरुण गिरि ने समस्याएं सुनीं। यहां कुल 32 मामले आए। मौके पर चार का निपटारा हो पाया।