बिजनौर। कैबिनेट मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग अनिल कुमार ने शनिवार को इंदिरा बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना 24 जनवरी 1950 को हुई थी। प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य 2030 तक उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाना है। इसके लिए शासन स्तर पर गंभीर और निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के उत्तम प्रदेश के रूप में उभर चुका है और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ बनकर विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए, ताकि उत्तर प्रदेश न केवल देश में बल्कि विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सके।
इस दौरान उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्य अतिथि व अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम शुभारंभ के उपरांत विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर विधायक नहटौर ओम कुमार, सीडीओ रण विजय सिंह, पालिका चेयरपर्सन इंदिरा सिंह, डॉ. बीरबल सिंह, आरएलडी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।