सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   HPCL Plant Resumes Operations After 47 Days in Badaun

UP News: बदायूं में 47 दिन बाद फिर से चालू हुआ एचपीसीएल प्लांट, दो अफसरों की हत्या के बाद से था बंद

संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं Published by: Mukesh Kumar Updated Tue, 28 Apr 2026 07:56 PM IST
विज्ञापन
सार

बदायूं में दो अफसरों की हत्या के बाद से बंद एचपीसीएल का प्लांट मंगलवार को दोबारा शुरू हो गया। सीएम योगी के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने पूजन कर प्लांट का संचालन शुरू कराया। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अफसर भी मौजूद रहे। 

HPCL Plant Resumes Operations After 47 Days in Badaun
सीएम योगी के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने किया शुभारंभ - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

बदायूं के सैजनी गांव स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के  कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट ने 47 दिनों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्लांट का संचालन शुरू कराया। इसके साथ ही यहां कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन दोबारा शुरू हो गया है।

Trending Videos


बीते 12 मार्च को प्लांट में कंपनी के दो अफसरों सुधीर गुप्ता व हर्षित मिश्रा की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से प्लांट को बंद कर दिया गया था। इस घटना के बाद न केवल उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया था, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और किसानों से जुड़ी गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा था। लगभग डेढ़ महीने तक बंद रहने के बाद अब प्रशासन और प्रबंधन की संयुक्त तैयारियों के फलस्वरूप प्लांट का संचालन पुनः शुरू किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पूजन के साथ शुरू हुआ संचालन 
अवनीश कुमार अवस्थी ने प्लांट परिसर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने नारियल फोड़कर और बॉयलर में पराली डालकर उत्पादन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कराई। अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों के सुचारु संचालन और निवेश के अनुकूल माहौल को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट की कार्यप्रणाली पारदर्शी और सुरक्षित बनी रहे, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक मोहित धवन, जिलाधिकारी अवनीश राय,एसएसपी अंकिता शर्मा सहित प्रशासनिक व पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने प्लांट के दोबारा संचालन को जिले के विकास के लिए अहम कदम बताया।

HPCL Plant Resumes Operations After 47 Days in Badaun
अवनीश कुमार अवस्थी ने अफसरों के साथ प्लांट का निरीक्षण किया । - फोटो : संवाद

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, सीसीटीवी से निगरानी
सीएम योगी के सलाहकार ने प्लांट परिसर का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश द्वार, उत्पादन इकाइयों, कंट्रोल रूम और अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा में तैनात कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्लांट में सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता न किया जाए। सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश नियंत्रण और पुलिस समन्वय को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। यहां पुलिस चौकी भी बनी है।

‘सोपान’ कंपनी कर रही संचालन, भर्ती प्रक्रिया पूरी
प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक प्लांट का संचालन ‘सोपान’ नाम की कंपनी द्वारा किया जा रहा है। प्रबंधन द्वारा इस बार विशेष सतर्कता बरतते हुए भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। संविदा पर रखे गए कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया है, जिससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की नियुक्ति न हो सके। बता दें कि हत्याकांड के पहले भी यही कंपनी संचालन करती थी। इसके बाद सभी 125 कर्मचारियों को दिया गया था। 

अब दोबारा फिर से सोपान कंपनी ने ही कर्मचारियों की भर्ती कर संचालन शुरू कराया है। जबकि फराज कंपनी के स्तर से मशीनों के रखरखाव व देखरेख का काम किया जा रहा है। करीब 90 कर्मचारियों की दोबारा भर्ती की जा चुकी है। हालांकि कर्मचारियों व अधिकारियों की तैनाती के बारे में अधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।

एक परिवार के एक सदस्य को ही दी जा रही नौकरी
प्लांट में गुटबंदी और आपसी विवादों को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण नियम लागू किया गया है, जिसके तहत एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्यों को नौकरी नहीं दी जाएगी। इस निर्णय को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा सुधारात्मक कदम माना जा रहा है। सैजनी व आस पास के गांव के लोगों को भी काम करने का मौका दिया जा रहा है।

किसानों और पर्यावरण को मिलेगा लाभ
प्लांट के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। पराली जैसे कृषि अपशिष्ट का उपयोग कर कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन किया जाता है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलता है और पराली जलाने की समस्या पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के बायोगैस प्लांट पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे वायु प्रदूषण में कमी आती है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है। यहां पर पराली पीलीभीत, शाहजहांपुर, पंजाब आदि जगहों मंगाई जाती है।

स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा
प्लांट के संचालन से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। लंबे समय से बंद पड़े प्लांट के कारण प्रभावित हुए श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए यह एक राहत भरी खबर है। प्रशासन और प्लांट प्रबंधन को उम्मीद है कि नई व्यवस्थाओं और सख्त सुरक्षा मानकों के साथ अब प्लांट का संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चलता रहेगा।

महिला पीएसी बटालियन का 68 फीसदी निर्माण पूरा
सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने दातागंज तहसील के सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिलाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि अनावासीय भवनों के निर्माण पर कुल 112.31 करोड़ रुपये की लागत आई है। आवासीय भवनों की कुल लागत 300.47 करोड़ रुपये है। परियोजना का कुल 68 फीसदी कार्य संपन्न हो चुका है और शेष कार्य तेजी से जारी है। कार्यदायी संस्था को पूर्व में ही जुलाई 2026 तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।

आमजन की सहूलियतो का विशेष ध्यान रख बने बस स्टेशन
सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने शहर के रोडवेज बस स्टैंड का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक बस स्टैंड बनाए जाने के संबंध में जिले के अधिकारियों से जानकारी ली व आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सहूलियतो का विशेष ध्यान रखा जाए और यही मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास व सबका विश्वास पर कार्य करती है और यह बात अधिकारियों को स्पष्ट होनी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed