सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   Preparations for uninterrupted power supply accelerate; pending works to be completed this month.

Budaun News: निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी तेज, इस माह पूरे हो जाएंगे अधूरे कार्य

Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Mon, 13 Apr 2026 01:09 AM IST
विज्ञापन
Preparations for uninterrupted power supply accelerate; pending works to be completed this month.
स्टेशन रोड पर पेड़ों की छटाई करते विद्युत कर्मी। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। गर्मियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत निगम ने जनपद में तैयारियां तेज कर दी हैं। उपभोक्ताओं को ओवरलोडिंग और बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत दिलाने के उद्देश्य से चल रहे अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों के अनुसार, शेष सभी कार्य इसी माह के अंत तक पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे जिले की विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।
Trending Videos

बढ़ते लोड को संतुलित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के विभिन्न उपकेंद्रों पर 52 नए फीडर बनाए जा रहे हैं। इनमें से 44 फीडर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष आठ फीडरों का निर्माण अंतिम चरण में है। इन फीडरों के शुरू होने से ओवरलोडिंग की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन




ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने पर जोर

गर्मी के मौसम में ट्रांसफॉर्मरों पर बढ़ते लोड के कारण ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या आम हो जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए विद्युत निगम ने जिले में 352 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक 210 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जा चुकी है, जबकि शेष 142 ट्रांसफॉर्मरों पर कार्य 30 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा।




जर्जर तारों की जगह डाले गए नए कंडक्टर
लाइन लॉस और फॉल्ट की समस्या को कम करने के लिए निगम की ओर से बड़े पैमाने पर जर्जर तारों को बदलने का कार्य भी किया गया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक करीब 42 किलोमीटर लंबाई में नए तार डाले जा चुके हैं। इससे न केवल बिजली आपूर्ति सुचारू होगी, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।




मेंटेनेंस कार्य से सुधरेगी आपूर्ति

निर्बाध आपूर्ति के लिए उपकेंद्रों और ट्रांसफॉर्मरों पर व्यापक मेंटेनेंस कार्य कराया गया है। जहां कहीं कार्य अधूरा है, उसे भी इस माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निगम द्वारा ट्रांसफार्मरों में कम तेल पाए जाने पर अब तक करीब 14 हजार लीटर तेल भरकर उन्हें दुरुस्त किया गया है, जिससे गर्मियों में ओवरहीटिंग और खराबी की समस्या से बचाव होगा।

पेड़ों की छंटाई से घटेंगे फॉल्ट और लाइन लॉस
लाइन से सटे पेड़ों की टहनियों के कारण अक्सर फॉल्ट और अर्थिंग की समस्या उत्पन्न हो जाती है, इससे बिजली की बर्बादी और लोड बढ़ जाता है। इसे रोकने के लिए निगम द्वारा बड़े पैमाने पर पेड़ों की छंटाई कराई जा रही है। साथ ही 170 ट्रांसफॉर्मरों की अर्थिंग को भी ठीक किया गया है, जिससे अतिरिक्त लोड कम करने में मदद मिलेगी।


जिले में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य अंतिम चरण में हैं, जिन्हें इस माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।- चंद्रशेखर कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम

स्टेशन रोड पर पेड़ों की छटाई करते विद्युत कर्मी। संवाद

स्टेशन रोड पर पेड़ों की छटाई करते विद्युत कर्मी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed