बदायूं। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसएसपी अंकिता शर्मा ने रविवार को कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर जरूरत के अनुसार तत्काल सुधार कराया जाए।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट डायवर्जन, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की भी समीक्षा की। अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला घाट पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने और लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने को कहा। इस दौरान एसडीएम सदर साईं अश्रित शखमुरी, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद