खानपुर। नगर के व्यस्त बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। एक महिला ग्राहक बनकर जूलरी शोरूम में पहुंची और झांसा देकर करीब 100 ग्राम सोने की चेन से भरा बॉक्स कपड़ों में छिपाकर भाग गई। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित प्रेम ज्वेलर्स के स्वामी ललित लोधी ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला अपने बेटे के साथ दुकान पर आई थी। उसने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा। जब ललित अन्य सामान दिखाने में व्यस्त हुए, तभी महिला ने बड़ी चालाकी से काउंटर पर रखा चेन का एक डिब्बा उठाकर अपने सूट में दबा लिया। इसके बाद वह बिना कुछ खरीदे वहां से रफूचक्कर हो गई।
दुकानदार के मुताबिक, गायब हुए बॉक्स में सोने की 18 चेन थीं, जिनका कुल वजन 100 ग्राम से अधिक है। वर्तमान बाजार दर के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत 16 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। देर शाम जब सामान का मिलान किया गया, तब चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर महिला की करतूत साफ नजर आई, जिसमें वह बॉक्स को कपड़ों में छिपाती दिख रही है। वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि फुटेज के आधार पर महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।