दुष्कर्मी के हाथ में काटकर बचाई जान: बच्ची को बाग में उठाकर ले गया आरोपी, मासूम की हिम्मत के आगे हारा दरिंदा
बच्ची ने आरोपी के हाथ में काटने के बाद शोर मचा दिया, जिससे वह डर गया और वहां से भाग गया। बच्ची सबसे पहले खेत पहुंची और अपने माता-पिता को मामले की जानकारी दी।
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर जिले के छतारी थाना क्षेत्र के गांव में मंगलवार शाम को मंदिर गई आठ वर्षीय मासूम बच्ची को युवक बहलाकर बाग में ले गया। जहां बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। बच्ची ने आरोपी के हाथ में काटा और उसके चंगुल से बचकर भागी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची के पिता ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं, जिसमें आठ वर्षीय बेटी सबसे छोटी है और कक्षा दो में पढ़ती है। मंगलवार को वह व उनकी पत्नी खेत पर गए हुए थे और बच्चे घर पर ही थे। तभी उनकी आठ वर्षीय बेटी खेलते हुए गांव में स्थित जाहरवीर बाबा मंदिर में चली गई। जहां पर मंदिर में पूजा करने के बाद बाहर आई तो गांव निवासी युवक वीशू शर्मा ने बच्ची को अकेला देखा।
वीशू ने बच्ची को अपने पास पानी पिलाने के लिए बुलाया, तो बच्ची उसके पास चली गई। इसके बाद वह बच्ची को गोद में उठाकर गांव के बाहर स्थित बाग में ले गया। आरोप है कि बाग में ले जाकर आरोपी वीशू मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने लगा। बच्ची ने जब शोर मचाया तो आरोपी वीशू ने उसके मुंह पर हाथ रख दिया। तभी बच्ची ने जान बचाने के लिए उसके हाथ में काट लिया, जिसके बाद हाथ पकड़कर बैठ गया। तभी बच्ची आरोपी वीशू को धक्का देकर शोर मचाते हुए भागने लगी।
बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी डर गया और वहां से भाग गया। बच्ची सबसे पहले खेत पहुंची और अपने माता-पिता को आपबीती बताई। यह सुनकर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई, जिसको बुधवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गांव में शराब के नशे में घूमता रहता है आरोपी
गांव निवासी युवक ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है, जिसके कोई बच्चा नहीं है। आरोपी वीशू शराब व अन्य मादक पदार्थों का नशा करता है और पूरे दिन नशे की अवस्था में गांव में घूमता रहता है। इससे सभी ग्रामीण परेशान हैं। कई बार नशे की अवस्था में ग्रामीणों से झगड़ा और मारपीट भी कर चुका है।
गुड टच व बेड टच की जानकारी जरूरी
बुलंदशहर चाइल्ड हेल्पलाइन से गुलिस्ता ने बताया कि बच्चियों को गुड टच व बेड टच की जानकारी होनी चाहिए। इससे वह बड़ी से बड़ी घटना से बच सकती हैं। इसके लिए सभी सरकारी व निजी स्कूलों में काउंसलिंग भी की जाती हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन पर इस तरह के मामले आते हैं, जिसमें बच्चे अपनी रक्षा करना जानते नहीं है। इसलिए अभिभावकों और शिक्षकों को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी वीशू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है। बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। - मधूप कुमार सिंह, सीओ डिबाई