कार ने कुचला वर्दीवाला: दो दिन मौत से लड़ी जंग, ड्यूटी जाने के दौरान हुई थी टक्कर; एक साल पहले सजा था सेहरा
रविंद्र के भतीजे आकाश ने थाने में तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आकाश ने बताया कि रविंद्र कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्ष 2020 में मुजफ्फरनगर से भर्ती हुए थे। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में मां और पत्नी हैं व उनकी शादी मात्र एक वर्ष पहले हुई थी।
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर स्थित किशनपुर गांव के पास दो दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल सिपाही रविंद्र (31) की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अलीगढ़ निवासी परिवार के लोग नोएडा स्थित अस्पताल पहुंचे। वहीं रविंद्र के भतीजे ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पीआरवी में थी तैनाती
छतारी थाना प्रभारी ने बताया कि मूलरूप से अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र स्थित चंदौला सुजानपुर गांव निवासी रविंद्र कुमार (31) कांस्टेबल पद पर यूपी पुलिस में कार्यरत थे, जिनकी वर्तमान तैनाती छतारी क्षेत्र स्थित पीआरवी पर थी। शनिवार शाम को अपनी बाइक से रविंद्र ड्यूटी से थाने की ओर आ रहे थे।
कार ने मारी थी टक्कर
अलीगढ़-अनूपशहर हाईवे पर किशनपुर गांव के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी, जिसके बाद वह पीछे से आ हे ऑटो से टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल रविंद्र को पहले अलीगढ़ मेडिकल पहुंचाया गया। जहां से उनको हायर सेंटर रेफर किया गया तो नोएडा स्थित अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान रविंद्र ने दम तोड़ दिया।
एक साल पहले हुई थी शादी
वहीं रविंद्र के भतीजे आकाश ने थाने में तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आकाश ने बताया कि रविंद्र कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्ष 2020 में मुजफ्फरनगर से भर्ती हुए थे। वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में मां और पत्नी हैं व उनकी शादी मात्र एक वर्ष पहले हुई थी। इस दुखद घटना से उनके परिवार में गहरा मातम पसरा है और पुलिस विभाग में भी शोक की लहर है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।