UP: ऑपरेशन के लिए चिकित्सक पर विधवा से 30 हजार रुपये मांगने का आरोप, प्राचार्य ने दिया नोटिस; जांच कमेटी बैठाई
Chandauli News: इस मामले में पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों का आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार से धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की। उनका कहना है कि जब तक मरीजों को बेहतर और पारदर्शी चिकित्सा सुविधा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एक गरीब विधवा के पैर के ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि रुपये देने में असमर्थता जताने पर महिला को ऑपरेशन कक्ष से बाहर कर दिया गया।
मामला सामने आने के बाद सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। आरोप है कि इसके बावजूद ऑपरेशन न होने पर उन्होंने महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले को लेकर उन्होंने सोमवार से मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है।
धानापुर क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी विधवा किताबी देवी से जुड़ा बताया जा रहा है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के अनुसार महिला करीब दस दिन पहले पैर के ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थी। आरोप है कि ऑपरेशन के लिए चिकित्सक महिला को ओटी में ले गए, जहां उनसे 30 हजार रुपये की मांग की गई।
परिजनों ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो महिला को ऑपरेशन के बिना ही बाहर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि महिला के पैर में कच्चा प्लास्टर लगाकर उसे कई दिनों तक अस्पताल में रखा गया। इसके बाद मामला मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित सिंह और सीएमओ के संज्ञान में पहुंचा। आरोप है कि इसके बावजूद महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया।
पहले 13 हजार, फिर 10 हजार मांगने का आरोप
पूर्व विधायक का आरोप है कि मामले में चिकित्सक के स्तर से कथित रूप से रखे गए आउटसाइडर मनोज नामक व्यक्ति ने भी महिला के परिजनों से रुपये की मांग की। आरोप के अनुसार पहले 13 हजार रुपये और बाद में 10 हजार रुपये देने को कहा गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने उपचार का संकट खड़ा हो गया।
इसके बाद परिजनों ने पूर्व विधायक से मदद की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलने पर शनिवार को मनोज सिंह डब्लू मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत करने के साथ जिलाधिकारी को भी पूरे प्रकरण से अवगत कराया। पूर्व विधायक के अनुसार अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद भी महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने महिला को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
‘डीएम तक शिकायत पहुंचने के बाद भी नहीं हुआ ऑपरेशन
मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में गरीब मरीजों से उपचार और ऑपरेशन के नाम पर धन उगाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना का उद्देश्य जिले के लोगों को बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन यदि गरीब मरीजों को ऑपरेशन के लिए रुपये देने पड़ रहे हैं तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों को बाहर से दवाएं लिखे जाने और ऑपरेशन के नाम पर रुपये मांगने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में कथित रूप से निजी लोगों की मौजूदगी और उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में इम्प्लांट की व्यवस्था नहीं है इसे बाहर से ही खरीदना पड़ता है। इसके लिए 13 हजार रुपये लगते हैं। ऑनर का नंबर डिस्प्ले पर लगाया गया है जिससे मरीज स्वयं बात कर खरीद सकता है। जहां तक इस मामले में चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही एक जांच कमेटी भी गठित की गई है। जांच में गलत मिला तो कार्रवाई होगी। - डॉ.अमित सिंह, प्राचार्य, बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज, चंदौली