पीडीडीयू नगर। प्रीमियर लीग में शनिवार की रात में दो मुकाबले खेल गए। पहला मुकाबला गिधौली और सुभाष नगर के बीच खेला गया। इसमें सुभाष नगर की टीम छह विकेट से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, दूसरा मुकाबला छित्तमपुर और लाठ नंबर दो के बीच खेला गया। इसमें छित्तमपुर की टीम 13 रन से जीत दर्ज की। शानदार खेल के लिए क्रमश: सोनू और कार्तिक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गिधौली की टीम ने निर्धारित ओवर में चार विकेट खोकर 64 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुभाष नगर की टीम ने 14 गेंद शेष रहते 6 विकेट से मैच जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए सोनू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। वहीं, दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी छित्तमपुर की टीम ने विवेक के 19 गेंद पर 38 रन और नवीन के 16 गेंद पर 30 रन की ताबड़तोड़ पारी से निर्धारित ओवर में तीन विकेट खोकर 104 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाठ नंबर दो की टीम शानदार खेल का प्रदर्शन किया लेकिन अंत के ओवर में कार्तिक ने अच्छी गेंदबाजी कर टीम को 13 रन से जीत दिलाई। इसके लिए कार्तिक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि समाजसेविका विनिता अग्रहरि, संगीता सिंह, उषा यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। आयोजक सभासद आरती यादव व समाजसेवी श्रवण यादव ने अतिथियों का स्मृति चिह्न व माल्यार्पण कर स्वागत किया और इंटरमीडिएट की छात्रा वैष्णवी सिंह, हाईस्कूल की छात्रा रश्मी सिंह को सम्मानित किया। इस मौके पर विनिता अग्रहरि ने कहा कि नगर क्षेत्र में प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और अनुशासन सराहनीय है। कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में खेल भावना और आपसी भाईचारा मजबूत हो रहा है। कमेंट्री संदीप यादव ने की, जबकि निर्णायक की भूमिका में मुकेश यादव मुक्की और शशि मिश्रा। इस मौके पर सभासद पिंकी शर्मा, गीता रानी गुप्ता, मुकेश, लल्ला, रंजन, भरत, संदीप, आशीष आदि मौजूद रहे।