'मैं अपनी जान देने जा रही हूं': छोटे भाई से बोलकर घर से निकली इकलौती बेटी, डांट से थी नाराज; दंपती परेशान
Varanasi News: दशाश्वमेध क्षेत्र में पढ़ाई को लेकर डांट से आहत होकर घर छोड़कर निकली किशोरी को पुलिस ने तीन घंटे के भीतर मुंशी घाट के पास गंगा किनारे से सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी आत्मघाती इरादे से बैठी थी। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में पढ़ाई को लेकर परिजनों की डांट से आहत होकर घर छोड़कर निकली एक किशोरी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी गंगा किनारे आत्मघाती इरादे से बैठी मिली। पुलिस की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दशाश्वमेध क्षेत्र के अगस्तकुंडा मोहल्ले में रहने वाले एक दंपती ने अपनी किशोरी पुत्री को पढ़ाई में ध्यान न देने पर डांट दिया था। इससे आहत होकर किशोरी घर से निकल गई। जाते समय उसने अपने छोटे भाई से कहा कि वह अपनी जान देने जा रही है। यह बात सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो रात करीब 10 बजे दशाश्वमेध चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य माध्यमों से किशोरी की तलाश शुरू की।
पुलिस की कार्यशैली से परिवार में खुशी
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर रात लगभग एक बजे किशोरी को मुंशी घाट के पास गंगा किनारे से सकुशल बरामद कर लिया। बताया गया कि किशोरी वहां आत्मघाती इरादे से बैठी थी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर सुरक्षित अपने साथ लिया और परिजनों को सूचना दी।
पुत्री के सकुशल मिलने के बाद दंपती ने राहत की सांस ली। परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। इस अभियान में चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी के साथ कांस्टेबल सचिन राव, उपेंद्र कुमार शाह, देवेंद्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल संदीप कुमार भारतीय शामिल रहे।