UP: कानपुर में SSC GD पेपर लीक होने का आरोप; भड़के अभ्यर्थियों ने महाराजपुर हाईवे किया जाम; पुलिस से तीखी झड़प
Kanpur News: सरसौल क्षेत्र स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर में रविवार को आयोजित एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान पेपर लीक और समय से पहले प्रश्नपत्र बांटने के आरोप में भारी हंगामा हो गया। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाईवे जाम कर दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद रविवार को जमकर बवाल हो गया। सरसौल क्षेत्र के एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पेपर बांटने और धांधली की खबर जैसे ही बाहर आई, अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर उग्र प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान हाईवे खाली कराने पहुंची पुलिस और आक्रोशित छात्रों के बीच तीखी नोकझोंकऔर झड़प भी हुई।
1 बजे की शिफ्ट में मचा हड़कंप, भेदभाव का आरोप
पूरा मामला सरसौल स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर का है, जहां रविवार दोपहर 1:00 बजे की शिफ्ट में एसएससी जीडी की परीक्षा होनी तय थी। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का आरोप है कि केंद्र प्रशासन ने धांधली की नीयत से कुछ चुनिंदा अभ्यर्थियों को तय समय से काफी पहले ही चुपके से अंदर बुला लिया, जबकि अधिकांश छात्र बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अंदर गए छात्रों को निर्धारित समय से पहले ही प्रश्नपत्र बांट दिया गया। जैसे ही यह खबर बाहर खड़े अभ्यर्थियों तक पहुंची, परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर हड़कंप मच गया और छात्रों ने पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सेंटर ने परीक्षार्थियों को खदेड़ा, भड़के छात्रों ने हाईवे पर डाला डेरा
विवाद और शोर-शराबा बढ़ता देख परीक्षा केंद्र के संचालकों ने खुद को बचाने के लिए अंदर कंप्यूटर पर परीक्षा दे रहे सभी अभ्यर्थियों को जबरन परीक्षा कक्ष से बाहर निकाल दिया। इस तानाशाही रवैये से अभ्यर्थियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। परीक्षा निरस्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में छात्र परीक्षा केंद्र के बाहर स्थित महाराजपुर हाईवे पर ही धरने पर बैठ गए। छात्रों के सड़क पर बैठते ही देखते ही देखते नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और पूरा यातायात ठप हो गया।
पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी नोकझोंक, भारी मशक्कत के बाद खुला जाम
हाईवे जाम होने और महाबवाल की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित छात्र परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई और स्थिति झड़प तक पहुंच गई। काफी देर तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और छात्रों को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया।
जांच के घेरे में परीक्षा केंद्र, अधिकारी जुटे पूछताछ में
इस गंभीर घटनाक्रम की सूचना तत्काल जिले के आला अधिकारियों और संबंधित विभाग को दे दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा संचालन में हुई लापरवाही और पेपर लीक के आरोपों को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। परीक्षा केंद्र के संचालकों और वहां लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की बात कही जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।