फर्रुखाबाद। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी व पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद को कांग्रेस ने फर्रुखाबाद सदर सीट से प्रत्याशी बनाया है। वह इस सीट से 2012 में चुनाव लड़ीं थीं और हार गईं थीं। इस सीट से कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी पार्टी से टिकट मांगा था।
विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ गई हैं। सबसे पहले कांग्रेस से 125 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। इस सीट पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कटियार व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम तिवारी ने भी प्रदेश नेतृत्व से टिकट मांगा था। प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की प्रतिज्ञा की है। इससे लुईस खुर्शीद का टिकट और पक्का माना जा रहा था।
लुईस ने वर्ष 2002 में विधानसभा क्षेत्र कायमगंज से चुनाव लड़ा था। वह चुनाव जीतकर विधायक बनी थीं। वर्ष 2007 में भी इसी सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गई थीं। तब बसपा से कुलदीप गंगवार विधायक बने थे। 2012 के चुनाव में कायमगंज सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई।
इस कारण लुईस ने फर्रुखाबाद सदर सीट पर कांग्रेस से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। उन्हें करीब 22 हजार वोट मिले थे और वह चौथे नंबर पर रही थीं। वर्ष 2017 में सपा से गठबंधन हो जाने से जिले में एक भी कांग्रेस प्रत्याशी चुनावी मैदान में नहीं उतारा गया था। इस बार विधानसभा चुनाव में सदर सीट पर फिर लुईस चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कटियार ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व जो भी प्रत्याशी मैदान में उतारेगा उसे पूरी दमदारी से चुनाव लड़ाया जाएगा।