फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gonda News ›   Truck runs over mother and son in front of their house

Gonda News: घर के सामने मां-बेटे को ट्रक ने रौंदा

Sat, 25 Jul 2026 11:49 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा Updated Sat, 25 Jul 2026 11:49 PM IST
विज्ञापन
Truck runs over mother and son in front of their house
मां-बेटे की मौत के बाद गमगीन परिजन।
रुपईडीह। कौड़िया थाना क्षेत्र में आर्यनगर चौराहे पर शुक्रवार देर रात हुए ट्रक की चपेट में आकर मां-बेटे की मौत हो गई। महिला अपने दो बेटों के साथ मां की तेरहवीं में शामिल होने के लिए मायके आई थी। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गोंडा-बहराइच मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चला। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद आवागमन बहाल हो सका।
विज्ञापन

आर्यनगर निवासी बसंत लाल ने बताया कि उनकी बहन सरोज कस्बे में कॉस्मेटिक की दुकान चलाती थीं। कुछ दिन पहले बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। शुक्रवार को उनकी तेरहवीं थी। भांजी रीता देवी उर्फ खुशबू (32) अपने पति हरिओम जायसवाल, बेटे लकी (11) और छोटे बेटे अक्षय (3) के साथ कटरा बाजार के गंगादीन पुरवा से अपने मायके आई थीं।
विज्ञापन

परिजनों के अनुसार तेरहवीं भोज का कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग घर के अंदर बैठे बातचीत कर रहे थे। परिवार की कार घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बहराइच की ओर से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पहले कार से जा टकराया। टक्कर लगने की आवाज सुनकर परिवार के लोग घर से बाहर की ओर दौड़े। इसी बीच घर के बाहर मौजूद लकी ट्रक की चपेट में आ गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बेटे को ट्रक के नीचे आते देख मां रीता देवी उसे बचाने दौड़ीं तो वह भी चपेट में आ गईं। ट्रक दोनों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया और कुछ दूरी पर बहराइच की ओर जा रहे एक कंटेनर से टकराकर रुक गया। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मां-बेटे की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों के शव को गोंडा-बहराइच मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर एएसपी राधेश्याम राय व सीओ आनंद राय के साथ प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, तहसील और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद रास्ता खुल सका। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन की वजह से लंबा जाम लग गया।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पति हरिओम जायसवाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मुरादाबाद जिले के सिविल लाइंस नया गांव निवासी ट्रक चालक नदीम को हिरासत में ले लिया गया है।



तीन साल के अक्षय के सिर से उठ गया मां का साया

शुक्रवार रात का हादसा हरिओम जायसवाल के परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द छोड़ गया। एक ही पल में पत्नी रीता और 11 वर्षीय बेटे लकी की मौत हो गई। अब परिवार में केवल तीन वर्षीय अक्षय बचा है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया और भाई का साथ भी छूट गया। घर में महिलाओं की चीख-पुकार और परिजनों का विलाप देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। रिश्तेदार मासूम अक्षय को संभालते रहे, जबकि हरिओम पत्नी और बेटे के शव के पास बेसुध बैठे रहे। पूरे गांव में मातम पसरा रहा।

संकेतक न होने से बढ़े हादसे

आर्यनगर चौराहा गोंडा-बहराइच और करनैलगंज-बलरामपुर जैसे दो व्यस्त मार्गों को जोड़ता है, लेकिन यहां आज तक न तो पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं और न ही गति नियंत्रित करने के प्रभावी इंतजाम हैं। संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि आर्यनगर चौराहे पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन यहां कोई स्पष्ट संकेतक या स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था नहीं है। राजन शुक्ल ने बताया कि यह चौराहा ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। रात के समय बाहर से आने वाले वाहन चालकों को चौराहे का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहां हाईमास्ट लाइट, रंबल स्ट्रिप, चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर लगाए जाने चाहिए। बाबू व संजय जायसवाल ने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए तत्काल सुरक्षा उपाय जरूरी हैं।


नौकरी की तलाश में निकले युवक की सड़क हादसे में मौत
नवाबगंज/ विश्नोहरपुर। अयोध्या मार्ग पर शनिवार दोपहर रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार भरतलाल यादव की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

दत्तनगर गांव निवासी भरतलाल यादव (27) शनिवार दोपहर गांव के रंजीत के साथ बाइक से नौकरी की तलाश में अयोध्या जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे अयोध्या मार्ग पर कनकपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भरतलाल सड़क पर गिरकर बस के पहिये की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर पीछे बैठे रंजीत को मामूली चोटें आईं।
सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल भरतलाल को मेडिकल कॉलेज अयोध्या भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। युवक हेलमेट लगाए था या नहीं, इसके बारे में जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
भरतलाल की शादी करीब पांच वर्ष पहले ज्योति से हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। वह पिता शिवकुमार और मां गुड्डन देवी के इकलौते बेटे थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पति के निधन की सूचना मिलते ही पत्नी ज्योति बेसुध हो गईं। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है और भरतलाल रोजगार की तलाश में अयोध्या जा रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed