बड़ा हादसा: क्रेन का हुक टूटकर सिर पर गिरने से मजदूर की मौत, फैक्टरी में गलाया जाता है स्क्रैप
इसी फैक्टरी में वर्ष 2022 में मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। तब मैनेजर के परिजनों ने फैक्टरी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे।
विस्तार
यूपी के हापुड़ स्थित खेकड़ा कास्टिंग्स प्राइवेट लिमिटेड में क्रेन का हुक टूटकर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। इससे फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। हादसे से आक्रोशित फैक्टरी में कार्यरत अन्य मजदूरों व कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात भी कही।
यूपीएसआईडीसी (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम) के खिचरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में खेकड़ा कास्टिंग्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से फैक्टरी है। यहां स्क्रैप गलाया जाता है। पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी कुर्बान (28) फैक्टरी में मजदूरी करते थे। रविवार सुबह वह काम कर रहे थे, तभी एक क्रेन का हुक टूट गया।
करीब 30 फीट की ऊंचाई से हुक और उसमें टंगा सामान कुर्बान के सिर पर गिरा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फैक्टरी में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने हादसे की सूचना मालिक व पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान मजदूरों व कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए फैक्टरी में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया। यह आरोप भी लगाया कि इस कारण फैक्टरी में कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। एक सुपरवाइजर की भी हादसे में मौत हो चुकी है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
तीन वर्ष पहले मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
इसी फैक्टरी में वर्ष 2022 में मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। तब मैनेजर के परिजनों ने फैक्टरी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे। फैक्टरी में संचालित भट्टी में स्क्रैप को करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान पर पिघलाकर सिल्लियां बनाई जाती हैं। फोरेंसिक टीम ने यहां कई तकनीकी व सुरक्षा संबंधी खामियों को चिह्नित किया था।
