Hathras Accident: डंपर ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर, पिता की मौत, पुत्र समेत दो घायल, दोनों अलीगढ़ रेफर
पिता-पुत्र बाइक से अपने गांव आ रहे थे। एक अन्य व्यक्ति को बाइक पर और बैठा लिया। उस व्यक्ति को बाइक से उतारते समय पीछे से डंपर ने तेज टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई। पुत्र समेत दो घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिकंदराराऊ-हाथरस रोड से चार किमी दूर गांव चमरौली के पास हाईवे पर 27 अप्रैल की सुबह डंपर ने बाइक सवार को रौंद दिया। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर बैठे युवक के पुत्र समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। इधर, दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक सड़क जाम कर हंगामा किया।
मोनू यादव (35) पुत्र विजयपाल निवासी गांव रजापुर सिकंदराराऊ से अपने गांव बाइक पर पुत्र अमोल(12) के साथ आ रहे थे।। बाइक पर गांव चमरौली के गंगा सिंह पुत्र विजयपाल भी बैठ गए। चमरौली हाईवे पर मंदिर के निकट मोनू बाइक रोक कर गंगा सिंह को उतार रहे थे, तभी पीछे से आते डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे मोनू यादव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंगा सिंह व अमोल घायल हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण निकल आए और सड़क पर अवरोध लगाकर जाम लगा दिया। जाम के चलते दोनों ओर से कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना, एसडीएम संजय कुमार, एसडीएम सुभेन्दु गोपाल पुलिस व पीएसी बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की। ग्रामीणों की मांग थी कि यहां पर पुलिया बनाने की काफी दिनों से बात उठाई जा रही है। इसको लेकर पिछले दिनों धरना-प्रदर्शन भी किया था लेकिन, कुछ नहीं हुआ। यू-टर्न और पुलिया बनाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने शव उठाने दिया, तब जाकर यातायात सुचारू हो पाया।
हाईवे पर चार दिन में डंपर ने तीन बाइकों को रौंदा
सिकंदराराऊ हाईवे पर डंपर की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले चार दिन में डंपर ने बाइकों को रौंदा है। इसमें दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो चुके हैं।
मथुरा-बरेली हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते लगभग 50 डंपर दिन रात इधर-उधर से मिट्टी लाकर डाल रहे हैं। इस दौरान चालकों की लापरवाही से अक्सर हादसे होते हैं। तीन दिन पूर्व एटा हाईवे पर गांव मुगलगड़ी के पास डंपर ने एक बाइक को पीछे से रौंद दिया। इससे बाइक पर बैठी 28 वर्षीय युवती की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। बाइक सवार युवक भी घायल हो गया। दूसरी घटना रविवार की दोपहर में कासगंज रोड पर गांव नगला जलाल के पास हुई। इसमें बाइक पर बैठी महिला तथा उसके पति गंभीर घायल हो गए। महिला के पांव में फ्रैक्चर हो गया। तीसरी घटना सोमवार को हाथरस रोड पर हुई।
सोमेश यादव और महेश चंद समेत अन्य ग्रामीणों ने एसडीएम संजय कुमार, सीओ जेएन अस्थाना से डंपर चालकों की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ ने बताया कि चालकों के संग बैठक कर उन्हें सावधानी से डंपर चलाने की नसीहत दी जाएगी। लापरवाही से वाहन चलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।