उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में नवीन डायलिसिस यूनिट मशीनों का शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब जिले और आसपास के क्षेत्रों के किडनी रोगियों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
सभापति ने कहा कि रोगीहित सर्वोपरि है और चिकित्सा सेवाओं में संवेदनशीलता व सेवाभाव आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि संस्थान के विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डायलिसिस यूनिट की स्थापना से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और उन्हें दूरस्थ शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने पिछले एक वर्ष में संस्थान द्वारा दी गई स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, डीएम राजेश कुमार पांडेय, एसपी विनय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जेडीसी बैंक के सभापति बृजभूषण सिंह, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मेडिकल व नर्सिंग स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।