Kanpur: दक्षिणी क्षेत्र के ढाई लाख लोगों को छह दिन बाद मिला पानी, मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत हुई पूरी
Kanpur News: रावतपुर एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन के नीचे टूटी मुख्य पाइपलाइन की देर रात तक मरम्मत हुई। आज गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से दक्षिणी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई।

विस्तार
कानपुर में जल निगम ने शुक्रवार देर रात तक रावतपुर एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन के नीचे टूटी मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत की। एक फरवरी की शाम को घरों तक पानी पहुंचाने का दावा किया गया है। इससे करीब ढाई लाख लोगों को छह दिन बाद पानी किल्लत से राहत मिलेगी। गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से दक्षिणी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू करने वाली मुख्य पाइपलाइन 26 जनवरी को रावतपुर मेट्रो स्टेशन के नीचे टूट गई थी।

इससे बैराज से दक्षिणी क्षेत्र में होने वाली पानी की आपूर्ति ठप है। दादानगर, गोविंदनगर, बर्रा, निरालानगर, जूही लाल कॉलोनी समेत 25 मोहल्लों के ढाई लाख लोग पानी के लिए परेशान हैं। जल निगम ने 30 जनवरी को मरम्मत कार्य शुरू किया। जल निगम के सहायक अभियंता राहुल तिवारी और अवर अभियंता अनुराग सिंह ने बताया कि मुख्य पाइप पांच जगह फट गया था।

दक्षिणी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू
पाइप काटकर उसमें भरा पानी शुक्रवार शाम तक निकाल दिया गया। उसे सुखाया जा रहा है। देर रात उसे फिर से जोड़ते हुए मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा। एक फरवरी को सुबह गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से दक्षिणी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। दोपहर तक उस क्षेत्र की पानी की टंकियां भरी जाएंगी। फिर वहां से शाम को घरों तक पानी पहुंचेगा।