Banda: पानी में मिला किसान का शव, धान लगाने गए थे खेत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस
Banda News: बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव में मंगलवार को धान की पौध लगवाने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव में एक 40 वर्षीय किसान की पानी में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक खेतों में धान की बेड (पौध) लगवाने गया था। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परसौली गांव निवासी शिवकरन यादव (40) पुत्र स्वर्गीय मैया दीन यादव मंगलवार को अपने खेतों पर धान की बेड लगवाने के लिए गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी बिट्टन देवी भी खेत पर गई थीं। शाम को पत्नी तो घर वापस लौट आईं, लेकिन शिवकरन घर नहीं पहुंचे।
पानी में बेहोश अवस्था में पड़ा मिला भाई
काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटे, तो पत्नी ने घर के अन्य सदस्यों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग उनकी खोजबीन करते हुए खेतों की तरफ निकले। मृतक के भाई रामभवन यादव ने बताया कि हम लोग खोजबीन करते हुए खेतों पर पहुंचे, तो उनका भाई पानी में बेहोश अवस्था में पड़ा मिला।
परिजन रो-रोकर बेहाल
परिजन तुरंत इलाज के लिए सामु स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतक की पत्नी बिट्टन देवी, एक पुत्र व एक पुत्री सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से भी पूछताछ की गई है।