Banda: खेलते समय गहरे गड्ढे में डूबकर किशोरी की मौत, पैर फिसल जाने से हुआ हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Banda News: बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव में सोमवार देर शाम खेलते समय एक किशोरी की खेत में बने गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सीएचसी ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले में बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव में बीते सोमवार की देर शाम घर से पांच सौ मीटर दूरी पर दोस्तो के साथ किशोरी खेलने चली गई। इसके बाद खेत पर बने गहरे गड्ढे में पैर फिसल जाने से गिरकर डूब गई। एक किशोर ने डूबते देख घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों व ग्रामीणों ने पहुंच आधे घंटे तक खोजबीन करने के बाद किशोरी को बाहर निकाला। निजी वाहन से बबेरू सीएचसी ले जाकर भर्ती किया, जहां डॉक्टर ने किशोरी शिक्षा देवी को मृत घोषित कर दिया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी अवधेश कुमार की पुत्री शिक्षा देवी (9) सोमवार की दोपहर दो बजे गांव स्थित कोचिंग संचालक विमल के यहां पढ़ने गई थी। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे अन्य बच्चों के साथ कोचिंग से घर वापस लौटी। तभी घर पर कॉपी रख मोहल्ले के अन्य दोस्तों के साथ घर से पांच सौ मीटर दूरी पर खेलने चली गई। मां रन्नु ने बताया कि बीते वर्ष पड़ोसी कल्लू प्रजापति ने अपने खेत से खुदाई करा मिट्टी निकाल मकान का निर्माण व पुराई कराई थी।
बबेरू सीएचसी मेें किशोरी को भर्ती कराया
इससे खेत पर बने गहरा गड्ढा बारिश होने से भर गया था। यहां खेलने के दौरान ही देर शाम किशोरी का पैर फिसल जाने से गहरे गड्ढे में गिर डूब गई। तभी अन्य बच्चों ने शिक्षा को गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूबते देख शोर मचाया और साथ खेल रहे मनीष ने घर पहुंच घटना की जानकारी परिजनों को दी। तत्काल परिजन व ग्रामीणों ने पहुंच गड्ढे पर किशोरी की खोजबीन शुरू की। आधे घंटे तक खोजबीन करने के बाद किशोरी को स्थानीय नंदू ने बाहर निकाला। परिजनों ने निजी वाहन से बबेरू सीएचसी ले जाकर किशोरी को भर्ती कराया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
यहां डाक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए शिक्षा को मृत घोषित कर दिया। पिता अवधेश कुमार ने बताया कि तीन पुत्री व एक पुत्र में बड़ी बेटी रही है। गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार में पढ़ती रही है। घटना से मां रन्नू सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूब जाने से किशोरी की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।