Auraiya: घर के बाहर सफाई कर रहे भाजपा बूथ अध्यक्ष की करंट लगने से मौत, हाईटेंशन लाइन से उतरा था करंट
Auraiya News: बेला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करंट लगने से भाजपा बूथ अध्यक्ष केदारनाथ रखवारिया (57) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे थे। अचानक उनका संपर्क पास में खड़े एक पेड़ से हो गया, जिसमें 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का करंट उतर आया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे भाजपा के बूथ अध्यक्ष 57 वर्षीय केदारनाथ रखवारिया की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पास के एक पेड़ में अचानक 11,000 वोल्ट की विद्युत लाइन का करंट उतर आया था, जिसकी जद में आने से यह भीषण हादसा हुआ। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और स्थानीय भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है।
पेड़ छूते ही लगा मौत का झटका
बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी रखवारिया के रहने वाले केदारनाथ रखवारिया (57) भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष थे। मंगलवार की सुबह करीब 7:00 बजे वे रोज की तरह अपने घर के बाहर झाड़ू-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ या शरीर पास में ही स्थित एक पेड़ से छू गया।
उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन का तगड़ा करंट उस पेड़ में उतरा हुआ है। बिजली का झटका इतना तीव्र और खौफनाक था कि केदारनाथ को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मेडिकल कॉलेज डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में केदारनाथ को लेकर तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भागे, ताकि शायद उनकी सांसें लौट आएं। लेकिन, अस्पताल पहुंचते ही आपातकालीन वार्ड के चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। केदारनाथ की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में ही पत्नी विमला देवी, बड़े बेटे राघवेंद्र और छोटे बेटे जितेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वे बार-बार अपनों को पुकार कर अचेत हो रहे थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बेला थाना पुलिस और तिर्वा पुलिस हरकत में आई। बेला थाना प्रभारी गंगा दास गौतम ने बताया कि हादसे की आधिकारिक जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। मृतक का शव फिलहाल तिर्वा मेडिकल कॉलेज में होने के कारण, तिर्वा पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरने की विधिक प्रक्रिया पूरी की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बिजली विभाग की इस घोर लापरवाही को लेकर भी ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।