Chitrakoot: मेडिकल कॉलेज में भर्ती बहन को देखकर लौट रहे युवक की ट्रक टक्कर से मौत, दोस्त घायल
Chotrakoot News: सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर में बृहस्पतिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। दोनों बांदा मेडिकल कॉलेज से रिश्तेदार को देखकर बाइक से लौट रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर में बृहस्पतिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती अपनी बीमार बहन को देखकर घर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक में अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, कपसेठी के कुशवाहा पुरवा निवासी गोविंद कुशवाहा (36) की बहन आरती को सांप ने डस लिया था, जिसके चलते वह बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे गोविंद अपने दोस्त बच्चन कुशवाहा (37) के साथ बाइक से बहन का हालचाल लेकर वापस गांव लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी और घायल दोस्त बच्चन कुशवाहा ने बताया कि जब वे शिवरामपुर पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की। गोविंद ने हादसा टालने के लिए बाइक को सड़क के बिल्कुल किनारे दबा लिया था, लेकिन बेकाबू ट्रक ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गोविंद सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही सांसे थम गईं। वहीं उसका दोस्त बच्चन छिटककर दूर जा गिरा, जिससे उसे चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि हादसे के समय मृतक गोविंद ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। गोविंद की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे मां कलमतिया देवी, छोटे भाई रामू और बहन को छोड़ गया है।