Kannauj: खेलते वक्त दीवार से फिसलकर गिरा 9वीं का छात्र, पेट में घुसी लाठी; हालत नाजुक
Kannauj News: निकवा गांव में सहपाठियों के साथ खेलते समय दीवार फांदने की कोशिश कर रहे कक्षा नौ के छात्र के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। पैर फिसलने से दीवार के सहारे खड़ी लाठी उसके पेट में घुस गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को कानपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तालग्राम थाना क्षेत्र के निकवा गांव में शुक्रवार शाम दोस्तों के साथ खेल रहे 9वीं के एक छात्र के साथ खौफनाक हादसा हो गया। छुपने के लिए दीवार पर चढ़ने के दौरान छात्र का पैर फिसल गया और नीचे सहारे से लगी लाठी उसके पेट में जा घुसी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले मेडिकल कॉलेज और फिर हालत बेहद नाजुक होने पर कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
छुपने के लिए दीवार पर चढ़ रहा था छात्र
जानकारी के अनुसार, निकवा गांव निवासी विशाल (16), जो एक निजी स्कूल में कक्षा 9 का छात्र है, शुक्रवार शाम गांव के बाहर अपने दोस्तों व सहपाठियों के साथ खेल रहा था। खेल-खेल में छुपने के लिए वह गांव में बनी एक दीवार पर चढ़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा।
पेट में घुसी लाठी, दोस्तों में मची चीख-पुकार
दीवार के सहारे नीचे खड़ी एक मजबूत लाठी सीधे छात्र विशाल के पेट में जा घुसी। यह खौफनाक दृश्य देखकर साथ खेल रहे बच्चों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर दौड़े परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल विशाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हालत नाजुक, कानपुर के आईसीयू में भर्ती
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक छात्र का इलाज किया, लेकिन हालत में सुधार न होने और स्थिति चिंताजनक बनी रहने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। घायल छात्र के चचेरे भाई अंकित ने बताया कि विशाल को कानपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।