Banda: आज बांदा आएंगे CM योगी, जनसभा में कीचड़-पानी ने डाला खलल, बारिश लेगी प्रशासन की अग्नि परीक्षा
Banda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बांदा आगमन से पूर्व लगातार दो दिनों की बारिश ने पंडित जेएन कॉलेज ग्राउंड की तैयारियों को बाधित कर दिया है। जलभराव और कीचड़ के बीच प्रशासन अब मौरंग, डस्ट और ईंट बिछाकर रास्ता दुरुस्त करने में जुटा है, ताकि सीएम का काफिला और जनता सुरक्षित पहुंच सकें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांदा जिले के पंडित जेएन कॉलेज के ग्राउंड में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन से पहले दो दिन हुई बरसात ने इस वीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों में खलल डाल दिया है। आयोजन स्थल बरसात के कारण अस्त-व्यस्त हो गया है। पंडाल के अंदर से लेकर बाहर खुले स्थान पर जलभराव और कीचड़ ने प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए हैं।
कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए यहां पर बड़े स्तर पर डस्ट व मौरंग के जरिये मैदान को ठीक किया जा रहा है। गाड़ियों के आने-जाने के लिए ईंट बिछाकर रास्ता तैयार कराया जा रहा है। बुधवार को भी शहर में जमकर बरसात हुई है। बांदा में लगातार दूसरे दिन काफी बरसात हुई। ऐसे में मुख्यमंत्री की जनसभा की तैयारियों में अधिकारियों को ज्यादा पसीना बहाना पड़ा।
कच्चे रास्ता हो चुका है खराब
हालांकि प्रशासन बरसात के कारण हुई अव्यवस्था को ठीक करने के लिए पूरी ताकत से लगा हुआ है। बुधवार को पंडित जेएन कॉलेज ग्राउंड में बरसात के कारण जलभराव और कीचड़ को देखते हुए मैदान को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया गया। मुख्य पंडाल और मंच तक जाने के लिए पहले जिस कच्चे रास्ते का प्रयोग होना था, वह अब खराब हो चुका है।
डस्ट बिछाकर चलने योग्य बनाया गया रास्ता
ऐसे में प्रशासन ने यहां पर कंक्रीट डस्ट, मौरंग बिछाकर इसके ऊपर ईंट का खड़ंजा बनवाना शुरू कर दिया, ताकि मुख्यमंत्री व काफिले की अन्य गाड़ियां सुरक्षित मंच तक पहुंच सकें। इसी तरह से पंडाल के अंदर और बाहर काफी पानी भर गया है। जिसे बाहर निकाल कर वहां पर डस्ट बिछाकर उसे चलने योग्य बनाया जा रहा है। बुधवार को इन तैयारियों के बीच दोपहर में फिर से बरसात हुई।
ग्राउंड में पंडाल बनकर तैयार हो चुका
इस कारण फिर से अव्यवस्था फैली, क्योंकि पंडाल वाटरप्रूफ है। इसलिए जनता के बैठने का इंतजाम तो प्रशासन अंतिम समय तक कर लेगा, लेकिन खुले स्थान को ठीक करने के लिए प्रशासन को जमकर पसीना बहाना पड़ रहा। लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होने वाला है। ग्राउंड में पंडाल बनकर तैयार हो चुका और सजावट, पंखे, कूलर, लाइट, साउंड लगने का काम बुधवार को किया गया।
आज एक घंटे शहर में रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट से बृहस्पतिवार को पं जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज आएंगे। यहां वह 70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। प्रोटोकॉल के अनुसार सुबह 10:35 बजे चित्रकूट एयरपोर्ट से बांदा के लिए रवाना होंगे। 10:50 बजे बांदा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 10:55 बजे सभा स्थल पर पहुंचकर करीब एक घंटे कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 11:55 बजे सभा स्थल से रवाना होकर 12 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ की ओर रवाना होंगे।