Kanpur: सावन की तैयारियां हुईं तेज; गोताखोरों और मोटरबोट की तैनाती के निर्देश, DCP ने लिया सुरक्षा का जायजा
Kanpur News: सावन माह और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त के निर्देशन में डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने गुरुवार को बिठूर थाना क्षेत्र के उदरा घाट, पत्थर घाट, ब्रह्मावर्त घाट और रानी लक्ष्मीबाई घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन माह और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने गुरुवार को बिठूर थाना क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
प्रमुख घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने बिठूर के उदरा घाट, पत्थर घाट, ऐतिहासिक ब्रह्मावर्त घाट और रानी लक्ष्मीबाई घाट का भ्रमण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए की जा रही बैरिकेडिंग, आवागमन के लिए प्रवेश व निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति को देखा।
इसके साथ ही आपात स्थितियों से निपटने के लिए जल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों की तैनाती, लाइफ जैकेट, मोटरबोट और निगरानी के लिए लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों की तैयारियों की गहन समीक्षा की।
अधिकारियों को समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए डीसीपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले घाटों पर सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से काम करने, भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
धर्मगुरुओं से किया संवाद, मांगे सुझाव
निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने क्षेत्र के प्रमुख धर्मगुरुओं और स्थानीय प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर संवाद भी स्थापित किया। उन्होंने सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को लेकर चर्चा की और उनसे महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए। इस निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी (सदर) समेत पुलिस और प्रशासनिक महकमे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।