Hardoi: भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहा बुजुर्ग डूबा; SDRF और गोताखोर तलाश में जुटे
Hardoi News: भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार करने की कोशिश कर रहा 60 वर्षीय बुजुर्ग शुक्रवार शाम गंभीरी नदी में डूब गया। घटना हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के भदार गांव के पास हुई। सूचना पर पुलिस, गोताखोर और परिजन मौके पर पहुंचे। देर शाम तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं लग सका था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के भदार गांव के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पास से गुज़र रही गंभीरी नदी को भैंस की पूंछ पकड़कर पार कर रहा 60 वर्षीय बुजुर्ग अचानक गहरे पानी में समा गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीम बुजुर्ग की तलाश में जुट गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
अचानक नदी में उतरने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भदार गांव निवासी कल्लू (60) पेशे से किसान हैं। शुक्रवार दोपहर वह अपनी भैंसों को चराने के लिए गांव के समीप स्थित गंभीरी नदी के किनारे गए हुए थे। चरते-चरते एक भैंस नदी के पानी में उतरकर दूसरे किनारे की ओर जाने लगी।
बुजुर्ग कल्लू ने भी भैंस का पीछा करते हुए उसकी पूंछ पकड़ ली और नदी पार करने लगे। नदी के बीच धारा में पहुंचते ही अचानक कल्लू के हाथ से भैंस की पूंछ छूट गई। तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण कल्लू संभल नहीं सके और नदी में डूब गए।
SDRF की टीम बुलाई गई
नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने जैसे ही कल्लू को डूबते देखा, तुरंत शोर मचाते हुए घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) हरपालपुर प्रवीण यादव और कोतवाल संदीप शुक्ला पुलिस बल व अग्निशमन दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि नदी में पानी का बहाव और गहराई देखते हुए स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एसडीआरएफ की विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। नदी में व्यापक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द बुजुर्ग का पता लगाया जा सके।