Etawah: जंगल में पेड़ से लटका मिला था मजदूर का शव, हत्या का आरोप लगा सड़क पर उतरे परिजन, घंटों लगा रहा जाम
Etawah News: इकदिल थाना क्षेत्र में मजदूर का शव संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका मिलने पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया, जिसके बाद आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले में इकदिल थाना क्षेत्र के नगला बर निवासी मजदूर का शव ग्राम मानिकपुर के जंगलों में मंगलवार दोपहर शीशम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी लटका मिला था। मृतक की पत्नी व परिजनों ने शव को देख हत्या का शव लटकाए जाने का आरोप लगाया था। परिजनों ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज न होने पर बुधवार सुबह शव सिविल लाइंस थाने के बाहर इटावा-मैनपुरी मार्ग पर रख हंगामा शुरू कर दिया। प्रशासनिक अफसर व भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
उन्होंने परिजनों को शांत का प्रयास किया। इस दौरान महिलाओं की सीओ सिटी से तीखी झड़प हो गई। करीब दो घंटे चले हंगामे के बाद गांव के चार नामजद समेत आठ लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने आश्वासन पर परिजन शांत हुए। थाना इकदिल के नगला बर निवासी रंजीत राजपूत (30) का शव मंगलवार दोपहर मानिकपुर के जंगल में शीशम के पेड़ पर संदिग्ध हालत में लटका मिला था। पत्नी समेत परिजनों ने गांव के लोगों पर भूमि विवाद में रंजीत की हत्या कर शव को लटकाए जाने का आरोप लगाया था।
इटावा-मैनपुरी मार्ग पर शव रखकर हंगामा
पुलिस ने रंजीत का शव पोस्टमार्टम करवाकर देर शाम परिजनों सौंप दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज नहीं की। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिजन व ग्रामीण न्याय पाने के लिए शव को लेकर डीएम आवास पर पहुंच रहे थे। इसकी भनक लेते ही थाना सिविल लाइंस समेत सदर कोतवाली व फ्रेंडस कॉलोनी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने परिजनों को डीएम आवास से पहले सिविल लाइंस के पास रोक लिया। इसके बाद परिजनों ने इटावा-मैनपुरी मार्ग पर शव रखकर हत्यारोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
वाहनों को डायवर्ट कर दूसरे मार्ग से निकाला
इसकी सूचना मिलते ही सदर एसडीएम विक्रम राघव व सीओ सिटी अभय नारायण राय समेत पुलिस टीम ने परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह कोई बात सुनने को तैयार नहीं थे। कहासुनी में महिलाओं की सीओ सिटी से तीखी झड़प हो गई। बाद में मृतक की पत्नी पूजा देवी के प्रार्थना पत्र पर गांव के चार नामजद समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद परिजन शांत हुए। करीब दो घंटे यातायात बाधित होने पर यातायात पुलिस ने छोटे-बड़े वाहनों को डायवर्ट कर दूसरे मार्ग से निकाला।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज
सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि मृतक की पत्नी पूजा देवी की तहरीर पर आठ पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जल्द ही जांच कर आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि रंजीत का शव शीशम के पेड़ से लटका जरूर था लेकिन उसके घुटने जमीन पर टिके थे। साथ ही रंजीत के गर्दन व पैरों में चोट के निशान थे। इससे अनुमान था कि रंजीत की हत्या करने से पहले उसके साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए उसके शव को फंदे पर लटका दिया गया था।