इटावा में दोहरा हत्याकांड: चंदेठी गांव में मां-बेटी की निर्मम हत्या, घर में खून से लथपथ मिले दो दिन पुराने शव
Etawah double murder: भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में मां-बेटी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले। आशंका है कि वारदात दो दिन पहले की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र स्थित चंदेठी गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव के एक घर के अंदर मां और बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच-पड़ताल में अंदेशा जताया जा रहा है कि इस दोहरे हत्याकांड को घटना से दो दिन पहले अंजाम दिया गया था। एक साथ दो महिलाओं की बेरहमी से हत्या की खबर मिलते ही पूरे इलाके में दहशत और कोहराम मच गया।
मायके में रह रही थी विवाहिता बेटी, घर पर अकेली थीं दोनों
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदेठी गांव निवासी पुष्पा देवी अपनी विवाहिता बेटी निर्मला उर्फ मंजू के साथ घर में रह रही थी। मृतका निर्मला का अपने ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पिछले करीब छह महीने से अपने मायके में ही रह रही थी। घर के अन्य परिजन जीविकोपार्जन के सिलसिले में बाहर रहकर नौकरी करते हैं।
सोमवार सुबह जब घर के भीतर से कोई हलचल नहीं हुई और संदिग्ध स्थिति बनी, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि मां और बेटी दोनों के शव खून से सने पड़े हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस के साथ-साथ जिले के तमाम उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को तुरंत सुरक्षित करते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस को शवों के पास ही एक चारपाई पर धारदार दरांती (हंसिया) बरामद हुई है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों की हालत देखकर प्रतीत होता है कि हत्या दो दिन पहले की गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात के पीछे रंजिश थी या लूटपाट या फिर कोई अन्य निजी कारण। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर बारीकी से छानबीन कर रही है।