Farrukhabad: विधायक के पति पर ठेकेदार से मारपीट का आरोप, सूत मिल के मलबे को लेकर हुआ बवाल, जांच शुरू
Farrukhabad News: कंपिल सूत मिल में ठेकेदार अखिलेश ने विधायक पति डॉ. अजीत गंगवार पर मारपीट और धमकी का आरोप लगाया है। विधायक ने इसे सपा की साजिश और अवैध खनन से जुड़ा मामला बताया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में भाजपा गठबंधन की पार्टी अपना दल एस की कायमगंज विधायक डाॅ. सुरभि के पति डाॅ. अजीत गंगवार पर कंपिल स्थित सूत मिल में कबाड़ खरीदने वाले ठेकेदार से मारपीट का आरोप लगा है। उसने कंपिल थाने में तहरीर दी है। इसमें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। सूत मिल के सुपरवाइजर को बात करते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कंपिल स्थित सूत मिल के भवन आदि को ध्वस्त कर मलबा हटाने काम इन दिनों चल रहा है। इस काम ठेका राजस्थान की कंपनी के पास है। उनका राजस्थान निवासी सुपरवाइजर गणपत चौधरी मिल में काम देखता। मिल से निकले वाले मलबे को कंपिल थाना क्षेत्र के गांव पुरौरी निवासी अखिलेश खरीदकर बाहर ले जाता है। इस मलबे को लेकर कुछ दिनों से रार चल रही है।
झूठे मुकदमे में फंसाने की दी धमकी
अखिलेश के पिता किशन लाल ने शनिवार शाम को कंपिल थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र अखिलेश उर्फ लालू सूत मिल में था। आरोप है कि शनिवार शाम करीब चार बजे कायमगंज विधायक डाॅ. सुरभि के पति डॉ. अजीत गंगवार सरकारी गनर और 10-12 अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचे और उसके पुत्र अखिलेश के साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने व उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है।
तहरीर में कुछ लोगों के नामों का भी उल्लेख किया
पीड़ित अखिलेश का कहना है कि विधायक के पति के साथ आए कुछ युवकों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इससे उसे अंदरूनी चोटें आई हैं। तहरीर में उसने कुछ लोगों के नामों का भी उल्लेख किया है। वहीं सूत मिल में मलबा का काम देख रहे कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर गणपत लाल चौधरी ने बताया कि मिल से केवल मलबा ट्रैक्टरों से बाहर भेजा जा रहा है, खनन जैसा कोई कार्य नहीं हो रहा है।
मारपीट का आरोप गलत
कंपिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। पीड़ित के कोई जाहिरा चोट नहीं है। फिर भी उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। उनके पास एक वीडियो आया है उसमें मारपीट होते नहीं दिख रही है। यदि कोई दूसरा वीडियो है, तो पीड़ित को उपलब्ध कराना चाहिए। डॉ. अजीत गंगवार से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया पर उन्होंने बता नहीं की। उनकी पत्नी विधायक डॉ. सुरभि ने बताया कि मारपीट का आरोप गलत है, जो वीडियो आया है उसमें मारपीट होते नजर नहीं आ रही है। सपा के लोग ही खनन करा रहे हैं।