Fatehpur Accident: आमने-सामने टकराईं दो बाइकें; एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल, बिना हेलमेट थे दोनों
Fatehpur News: ललौली थाना क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, दूसरा गंभीर घायल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में अनियंत्रित बाइक सवारों में आमने सामने भिड़ंत हो गई।जिसमें एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक बाइक सवार के शव को मोर्चरी भेज दिया। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे के शांती नगर मोहल्ला निवासी महेश कुमार गुप्ता के पुत्र रोहित कुमार गुप्ता(35) शनिवार रात फतेहपुर की ओर से बहुआ कस्बे बाइक से लौट रहे थे।
जैसे ही रात साढ़े नौ बजे खटौली गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास बांदा-टांडा हाईवे में पहुंचे। तभी सिधाव गांव से अपनी बहन के यहां से लौट रहे बाइक सवार गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बे निवासी मोहम्मद अली उर्फ पहलवान (50) की बाइक अनियंत्रित होकर आपस में आमने सामने भिड़ गईं। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार एक दूसरे से करीब 10 मीटर दूर गिरे। बाइक सवार रोहित कुमार गुप्ता के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं, बाइक सवार मोहम्मद अली उर्फ पहलवान गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक सवारों के पास से हेलमेट नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार मोहम्मद अली उर्फ पहलवान को फौरन एंबुलेंस से सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बाइक सवार रोहित कुमार गुप्ता की मौत से मां पुष्पा गुप्ता और पत्नी भावना गुप्ता का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।