Kanpur: एक ही घर से उठीं पिता-पुत्र की लाशें, कोल्डड्रिंक और तहरी खाकर बीमार पड़ा था पूरा परिवार
Kanpur Dehat: भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में तहरी खाने के बाद बीमार पड़े परिवार में शनिवार को पिता की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले परिवार के 10 वर्षीय बेटे की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोहम्मदपुर गांव में खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) की आशंका के चलते एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। बृहस्पतिवार की रात घर में बनी तहरी और कोल्डड्रिंक का सेवन करने से बीमार पड़े अब्दुल महताब (37) की शनिवार को कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को उनके 10 वर्षीय मासूम बेटे आहिल की भी सांसें थम गई थीं। एक ही घर से पिता-पुत्र की लाशें उठने से पूरा गांव दहल उठा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर निवासी अब्दुल सरताज के छोटे भाई अब्दुल महताब (37) ने बृहस्पतिवार की रात अपने परिवार के साथ रात्रिभोज किया था। भोजन में घर पर ही तहरी बनाई गई थी, जिसके बाद सभी ने कोल्डड्रिंक पी। भोजन करने के कुछ ही देर बाद आधी रात को अचानक परिवार के सभी सदस्यों के पेट में असहनीय दर्द, उल्टी और घबराहट शुरू हो गई।
देखते ही देखते घर के पांचों सदस्य अब्दुल महताब (37), उनकी पत्नी निशा, बड़ा बेटा वारिश (11), छोटा बेटा आहिल (10) और मासूम बेटी अदीबा (4) गंभीर रूप से बीमार हो गए। रात में ही परिजनों ने आनन-फानन में सभी को नजदीकी देवीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
देवीपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद भी जब मरीजों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और स्थिति नाजुक बनी रही, तो डॉक्टरों ने सभी को तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां से परिजनों ने सभी को कानपुर मेडिकल कॉलेज और बाद में कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान शुक्रवार को 10 वर्षीय मासूम बेटे आहिल ने दम तोड़ दिया। वहीं, पत्नी निशा, बड़े बेटे वारिश और बेटी अदीबा की हालत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया। लेकिन अब्दुल महताब की हालत लगातार नाजुक बनी रही और अंततः शनिवार को जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए उन्होंने भी अंतिम सांस ली।
शनिवार शाम करीब छह बजे जब अब्दुल महताब का शव अस्पताल से मोहम्मदपुर गांव लाया गया, तो पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। शुक्रवार को बेटे और शनिवार को पिता का शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार से हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। कानपुर देहात के सीएमओ डॉ. जयगोविंद ने बताया कि मोहम्मदपुर गांव में तहरी और कोल्डड्रिंक के सेवन से एक ही परिवार के लोगों के बीमार होने और दो मौतों की दुखद सूचना मिली है। मामले की गहराई से जांच के लिए रविवार को देवीपुर सीएचसी से डॉक्टरों और विशेषज्ञों की एक विशेष टीम गांव भेजी जाएगी। खाद्य सामग्री और परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।