Hamirpur Accident: दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, सफाई कर्मी समेत दो की मौत, तीन की हालत नाजुक
Hamirpur News: चंडौत-धंगवा के बीच दो बाइकों की टक्कर में सफाईकर्मी राहुल और ऋषि की मौत हो गई। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में थाना क्षेत्र में चंडौत व धंगवा गांव के बीच गल्ला मंडी के पास सोमवार रात करीब 10:15 बजे दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में सफाईकर्मी समेत दो की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चंडौत निवासी ऋषि (30) अपने साथी रवि (27) के साथ बाइक से सरीला जा रहे थे।
इसी दौरान सरीला निवासी राहुल (28) अपने साथी रामू (25) और जितेंद्र (30) के साथ जालौन जिले के कहटा गांव में कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। धंगवा और चंडौत गांव के बीच गल्ला मंडी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी पांचों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया
हादसे में ऋषि पुत्र महेश (30) निवासी चंडौत और राहुल पुत्र माताप्रसाद (28) निवासी सरीला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि राहुल नगर पंचायत में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था। घायलों में रवि पुत्र श्रीपाल (27) निवासी चंडौत, रामू पुत्र रामबाबू (25) निवासी सरीला और जितेंद्र पुत्र रामपाल (30) शामिल हैं।
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना पर जरिया थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला पहुंचाया। यहां डॉ. प्रियंक मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

कमेंट
कमेंट X