सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Hamirpur Crackdown on overloading causes a stir driver flees after dumping cargo on Betwa Bridge

Hamirpur: ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई से मचा हड़कंप, बेतवा पुल पर माल गिराकर चालक फरार, चार घंटे ठप रहा आवागमन

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हमीरपुर Published by: Himanshu Awasthi Updated Thu, 25 Jun 2026 01:21 PM IST
विज्ञापन
सार

Hamirpur News: हमीरपुर में ओवरलोडिंग चेकिंग के दौरान ट्रक चालकों ने बेतवा पुल पर मौरंग गिराकर 15 किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया। प्रशासन ने पिछले दो दिनों में 20 वाहन सीज करते हुए 22 लाख का जुर्माना लगाया है और मौरंग गिराने वालों की पहचान की जा रही है।

Hamirpur Crackdown on overloading causes a stir driver flees after dumping cargo on Betwa Bridge
कुछेछा से लेकर घाटमपुर मार्ग तक करीब 15 किलोमीटर लंका लगा जाम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार

हमीरपुर जिले में यमुना पुल से ओवरलोड मौरंग वाहनों के वायरल वीडियो के बाद गुरुवार को परिवहन और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक बार फिर लोकेटर नेटवर्क सक्रिय नजर आया। रानी लक्ष्मीबाई तिराहे पर चल रही चेकिंग की सूचना मिलते ही कुछ ट्रक चालकों ने बेतवा पुल और उसके पहले सड़क पर ही मौरंग गिरा दी और वाहन हल्के कर फरार हो गए।


इससे सुबह करीब छह बजे से दस बजे तक यातायात प्रभावित रहा और कुछेछा से लेकर घाटमपुर मार्ग तक करीब 15 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। बुधवार को यमुना पुल से बॉडी से ऊपर तक मौरंग लादकर गुजर रहे ट्रकों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वायरल वीडियो ने एक बार फिर जिले में ओवरलोडिंग के खेल की पोल खोल दी।

विज्ञापन
विज्ञापन





अभियान के दौरान तीन ओवरलोड वाहन पकड़े
इसके बाद गुरुवार सुबह करीब पांच बजे परिवहन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम चेकिंग के लिए निकली। टीम में एआरटीओ प्रवीण कुमार, खनन निरीक्षक उमाकांत और विभागीय स्टॉफ शामिल था। रानी लक्ष्मीबाई तिराहे के पास चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान तीन ओवरलोड वाहन पकड़े गए। एआरटीओ के अनुसार इन वाहनों को कुछेछा चौकी में सीज कराया गया है।

बेतवा पुल पर यातायात प्रभावित हो गया

इसी दौरान अन्य ट्रक चालकों को चेकिंग की सूचना मिल गई और कार्रवाई से बचने के लिए उन्होंने बेतवा पुल पर दो स्थानों पर और पुल से पहले भी सड़क पर मौरंग गिरा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर मौरंग फैलने से बेतवा पुल पर यातायात प्रभावित हो गया। पुल की दोनों लेनों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कई स्थानों पर वाहन रेंगते रहे। सुबह छह बजे से दस बजे तक कुछेछा से लेकर घाटमपुर की ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

विज्ञापन

पुल पर मौरंग गिरने से अफरा-तफरी मच गई
पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुल पर मौरंग गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस, चौकी प्रभारी रमाकांत शुक्ला, एआरटीओ और अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर फैली मौरंग को हटवाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया।

खनन विभाग की ओर से भी कार्रवाई की जा रही
एआरटीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि कई बार ओवरलोड वाहन कार्रवाई से बचने के लिए रास्ते में ही मौरंग या बालू गिरा देते हैं, जिससे वाहन अंडरलोड हो जाता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में विभाग ने 20 ओवरलोड वाहनों को सीज किया है और करीब 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पकड़ी गई गाड़ियों पर खनन विभाग की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है।

जिले में सक्रिय लोकेटर नेटवर्क पर सवाल
सदर एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और परिवहन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई थी। सड़क पर गिरी मौरंग को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। घटना ने एक बार फिर जिले में सक्रिय लोकेटर नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व में भी रानी लक्ष्मीबाई तिराहे के आसपास सक्रिय लोकेटरों के खिलाफ अभियान चलाया जा चुका है और सैकड़ों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

तीन ओवरलोड वाहन पकड़े गए हैं। कुछ वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए रास्ते में मौरंग गिराकर भाग गए। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी पहचान की जा रही है। पिछले दो दिनों में 20 वाहन सीज किए गए हैं और करीब 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।  -प्रवीण कुमार, एआरटीओ

जाम लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और एआरटीओ की टीम मौके पर थी। सड़क से मौरंग हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।  -अभिषेक कुमार, एसडीएम सदर

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed