Kanpur: हाईवे पर अवैध कब्जों पर चलेगा बुलडोजर, 2500 अतिक्रमण चिह्नित, जिला प्रशासन ने तैयार किया मेगा प्लान
Kanpur News: कानपुर प्रशासन आईआईटी से रामादेवी तक 2500 से अधिक अतिक्रमण हटाने की तैयारी में है। साथ ही, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों के जरिए अभिभावकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यहां-वहां खड़े वाहन अक्सर गंभीर हादसों का कारण बनते हैं। ऐसे हादसों पर संज्ञान लेते हुए ही 13 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने अतिक्रमण चिह्रित कर उन्हें हटाने का आदेश दिया था। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने आईआईटी से रामादेवी तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर 2500 से अधिक अतिक्रमण चिह्नित किए हैं। अब बुलडोजर चलवाकर इन्हें हटवाया जाएगा।
यह फैसला जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया। बताया गया कि कई जगहों पर न सिर्फ स्थायी निर्माण कर दुकानें चलाई जा रही हैं, बल्कि कुछ कब्जेदारों ने अवैध निर्माण कर उन्हें किराये पर भी उठा रखा है।डीएम ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को हर हाल में अतिक्रमणमुक्त कराया जाए।
बिना नंबर प्लेट वाले वाहन सड़क पर न दिखें
हाईवे टास्क फोर्स को सक्रिय करते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण स्थलों पर स्थायी निर्माण कर बिजली कनेक्शन लेने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नौबस्ता-हमीरपुर मार्ग पर रात में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहन किसी भी हालत में सड़क पर न दिखें। बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात रविंद्र कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
ट्रैफिक उल्लंघनों के चौंकाने वाले आंकड़े
बैठक में बताया गया कि मई में जिले भर में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 32,631 चालान किए गए। ओवरस्पीड पर 10,252, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 10,304 चालान किए गए। मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ 5,559 मामलों में कार्रवाई हुई।
अब बच्चे पूछेंगे पांच सवाल, अभिभावक लेंगे सड़क सुरक्षा का संकल्प
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब स्कूलों के जरिये घर-घर दस्तक देने की तैयारी में है। जनपद के विद्यालयों में विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसके तहत बच्चों को सड़क सुरक्षा जागरूकता पत्र दिया जाएगा। विद्यार्थी इसे अपने अभिभावकों से भरवाकर हस्ताक्षर सहित स्कूल में जमा करेंगे। इस पत्र में अभिभावकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग, रॉन्ग साइड वाहन चलाने और ओवरस्पीडिंग से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई जाएगी। जागरूकता पत्र में परिवार का चित्र भी शामिल किया जाएगा।