Kanpur Dehat: डंपर हादसे में तीसरे घायल ने भी तोड़ा दम; भड़के परिजनों ने लगाया जाम, नौकरी और मुआवजे की मांग
Kanpur Dehat News: रूरा-शिवली मार्ग हादसे में घायल सुमित पाल की मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर जाम लगा दिया। वे मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर लिखित आश्वासन पर अड़े हुए हैं।
विस्तार
कानपुर देहात में रूरा-शिवली मार्ग पर बीते शनिवार की रात शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवारों को डंपर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में जुगराजपुर निवासी अनिल पाल और रूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सुमित पाल ने सोमवार को कानपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरे युवक की मौत के बाद मंगलवार सुबह करीब सात बजे आक्रोशित परिजनों ने रूरा-शिवली मार्ग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। मुख्य मार्ग जाम होने के कारण कुछ वाहन गहलौ-काशीपुर रोड से निकलने लगे, लेकिन परिजनों ने वहां भी लकड़ी के गट्ठर और ईंटें रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया।
परिजन अपनी मांगों पर अड़े
इससे दोनों मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम मैथा राजकुमार पाण्डेय, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने काफी देर तक वार्ता की, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
पुलिस बल भी मौके पर तैनात
परिजनों का कहना है कि जब तक मृतकों के आश्रितों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक जाम समाप्त नहीं किया जाएगा। तनाव की स्थिति बनी रही और पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।