‘हार्मोनी अपार्टमेंट': बिल्डर पर तहरीर बन गई पहेली, केडीए और पुलिस आमने-सामने, सील तोड़ शुरू कराया था निर्माण
Kanpur News: काकादेव स्थित हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट में सील तोड़ने और अवैध निर्माण के मामले में केडीए और पुलिस के दावे आमने-सामने हैं। केडीए सचिव का कहना है कि बिल्डर के खिलाफ तहरीर दी जा चुकी है, जबकि काकादेव इंस्पेक्टर ने ऐसी किसी भी तहरीर के प्राप्त होने से साफ इनकार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में काकादेव के नवीननगर स्थित हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट के बिल्डर के खिलाफ दी गई तहरीर पहेली बन गई है। केडीए सचिव दावा कर रहे हैं कि सील तोड़ने और निर्माण कार्य कराने के आरोप में बिल्डर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने किसी भी तहरीर के मिलने से इन्कार किया है।
हार्मोनी अपार्टमेंट के बेसमेंट में बीते दिनों हुई तेज बारिश के दौरान पानी भरने के बाद दीवार दरक गई थी। किसी तरह उसमें रह रहे 13 परिवारोंं ने अपनी जान बचाई थी। इसके बाद केडीए ने बीती तीन जुलाई को बिल्डिंग सील कर नोटिस चस्पा कर दिया था।
बिल्डर और ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश
इधर, सोमवार को अपार्टमेंट के बिल्डर की शह पर ठेकेदार ने सील तोड़ दी और चस्पा नोटिस फाड़ दिया था। मामले की जानकारी होने पर मंगलवार को केडीए अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान आरोप सही पाए। इस पर दोबारा सीलिंग की कार्रवाई की गई। साथ ही बिल्डर और ठेकेदार पर सचिव ने मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
विशेष कार्याधिकारी ने थाने में दी है तहरीर
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि घटना सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। हमारे विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) ने काकादेव थाने में तहरीर भी दे दी है। जल्द रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
कई लोग पूछ चुके, नहीं मिली तहरीर
काकादेव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि कई लोग पूछ चुके हैं कि केडीए की ओर से कोई तहरीर मिली है क्या लेकिन हमारे थाने में कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस चौकियों में भी पूछ लिया है।
मृदा परीक्षण जांच को बिल्डर ने दिया पैसा
10 दिन से ज्यादा बीतने के बाद भी एचबीटीयू की टीम के अपार्टमेंट की मृदा परीक्षण न कर पाने पर केडीए सचिव ने बताया कि एचबीटीयू की टीम को अपार्टमेंट के आसपास की मिट्टी का परीक्षण करना है। इसका शुल्क बिल्डर को अदा करना है। बुधवार को बिल्डर ने शुल्क जमा कर दिया है। जल्द ही परीक्षण के लिए टीम पहुंचेगी।