Kanpur: बजट के बाद एक्शन में केडीए, 25 करोड़ तक के कामों से होगी शुरूआत, इन कार्यों से बदलेगी शहर की सूरत
Kanpur News: यूपी बजट में 750 करोड़ रुपये के प्रावधान के बाद केडीए ने 20 विकास परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें न्यू कानपुर सिटी की सड़कें और एयरपोर्ट मार्ग का सुंदरीकरण प्राथमिकता पर है।
विस्तार
प्रदेश सरकार के बजट में अवस्थापना निधि से विकास कार्यों के लिए 750 रुपये का प्रावधान होने के 24 घंटे के भीतर गुरुवार को केडीए ने विकास कार्यों के लिए टेंडरों की तैयारी शुरू कर दी। विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार 25 करोड़ तक के कार्यों से शुरुआत होगी। शासन ने कानपुर, मथुरा-वृंदावन और मेरठ में अवस्थापना निधि से विभिन्न तरह के विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव मांगे थे।
केडीए ने सर्वाधिक 20 प्रस्ताव भेजे। इनमें से 10 के संशोधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी भेजे जा चुके है। इसके बाद पांच और परियोजनाएं के डीपीआर भी पिछले महीने तक शासन को भेजे गए थे। शेष पांच प्रस्तावित कार्यों के डीपीआर तैयार कराए जा रहे हैं।
दो लिंक रोड समेत ये कार्य शामिल
केडीए के अफसरों के अनुसार 715 करोड़ से 20 प्रस्तावित परियोजनाओं में से नौ 25 करोड़ या उससे कम धनराशि की हैं। इनमें न्यू कानपुर सिटी में 30 मीटर चौड़ी रोड का निर्माण, मैनावती मार्ग से बैराज हाईवे के लिए दो लिंक रोड, चकेरी एयरपोर्ट प्रवेश मार्ग का सुंदरीकरण, गंगा बैराज से मंधना मार्ग सुंदरीकरण, प्रमुख मार्गों में रोशनी आदि कार्य शामिल हैं।
केडीए को 20 परियोजनाओं के लिए तीन वित्तीय वर्षों में धन मिलेगा। सबसे पहले 25 करोड़ तक लागत वाले कार्य शुरू होने की संभावना है, क्योंकि इन्हें विभागीय स्तर पर स्वीकृति मिलनी है, जबकि 25 करोड़ से ज्यादा धनराशि वाले प्रस्तावों को कैबिनेट में स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति की प्रत्याशा में इनके टेंडर कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि स्वीकृति मिलते ही जल्द से जल्द कार्य शुरू कराए जा सकें। -मदन सिंह गर्ब्याल, उपाध्यक्ष, केडीए
