Kanpur: गांधी-शास्त्री जयंती पर कानपुर पुलिस ने ली शपथ, बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
Kanpur News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कानपुर की पुलिस लाइन समेत सभी डीसीपी कार्यालयों में पुलिसकर्मियों ने सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
विस्तार
कानपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन की शपथ ली। उनके दिखाए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने की सहमति दी। यह आयोजन पुलिस लाइन, डीसीपी पूर्वी, सेंट्रल, दक्षिण कार्यालयों में हुआ। दोनों महान विभूतियों की फोटो पर फूल माला चढ़ाई। इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी, अपर पुलिस उपायुक्त स्टाफ ऑफिसर राजेश पांडेय, अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना महेश कुमार एवं अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय डॉ. अर्चना सिंह ने पुलिस लाइन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की फोटो को नमन किया। पुलिस कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। पुलिस आयुक्त ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार वितरित किए।
मिष्ठान भी वितरित किया गया
पुलिस उपायुक्त कार्यालय दक्षिण में डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी दक्षिण ने दोनों महान विभूतियों की फोटो पर माल्यार्पण कर नमन किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। पुलिस उपायुक्त कार्यालय, स्वरूपनगर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) श्रवण कुमार सिंह ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। मिष्ठान वितरित किया गया।
