Kanpur: अधिकारी जी नींद से जागो, तपा रहे हैं सूर्य देव; अमिताभ बाजपेई का अनोखा विरोध, बोले- चालू कराएं तरणताल
Kanpur News: भीषण गर्मी में नानाराव पार्क का तरणताल बंद होने पर विधायक अमिताभ बाजपेई ने खाली पूल में प्रतीकात्मक तैराकी कर विरोध जताया। उन्होंने अधिकारियों पर राजस्व हानि और निजी पूल मालिकों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।
विस्तार
अधिकारी जी...सूर्य देव का ताप और इंद्र देव की नाराजगी दोनों ही जनता पर कहर बनकर बरस रहे हैं। लोग गर्मी में तंदूर की तरह तप रहे हैं। अब तो नींद तोड़िए और तरणताल को जनहित में चालू कराइए। कुछ ऐसी ही बातें आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेई ने मंगलवार को फूलबाग स्थित नानाराव पार्क में बने तरणताल के चालू न होने पर प्रतीकात्मक विरोध जताते कहीं।
तरणताल में प्रतीकात्मक रूप से सो रहे अधिकारी के सामने उन्होंने हाथ जोड़कर इसे जल्द चालू करने की अपील की। इसके बाद समर्थकों के साथ खाली पड़े तरणताल में प्रतीकात्मक तैराकी भी की। तरणताल हर साल होली से पहले मार्च में चालू हो जाता था। इस बार अप्रैल खत्म होने को है और यह बंद पड़ा है। इससे नाराज क्षेत्रीय विधायक अमिताभ बाजपेई ने मंगलवार को अधिकारियों का घेराव कर इसे चालू करने की बात कही।
ओपन जिम की स्थिति भी दयनीय
विधायक ने कहा कि तरणताल बंद रहने से सरकार को हर महीने लगभग 15 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है जबकि निजी स्विमिंग पूल संचालकों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। ऐसे में अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्क में स्थित ओपन जिम की स्थिति भी दयनीय है। अधिकांश उपकरण और झूले खराब पड़े हैं, जिससे आम जनता को सुविधा नहीं मिल पा रही।
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
विधायक साथ मौजूद लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है और तरणताल को जल्द से जल्द शुरू कराने की अपील की है। इस दौरान हरिओम पांडेय, चंकी गुप्ता, रजत बाजपेई, मो. सारिया, अनवर अली, विकास गुप्ता, सौरभ गुप्ता, सुरभित जायसवाल, दुर्गेश चक, सचिन यादव, आकाश यादव, प्रदीप सिंह, राजू खान, हर्ष नागवंशी, संस्कार खरे समेत अन्य मौजूद रहे।
पानी भरकर दो दिन में किया जाएगा चालू
मंगलवार दिन में विधायक के विरोध जताने के बाद रात में अपर नगर आयुक्त प्रथम मो. आवेश खान, प्रभारी अधिकारी क्रीड़ा ध्रुव नारायण यादव ने तरणताल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी प्रोजेक्ट आरके सिंह से संपर्क किया, तो बताया गया कि बुधवार तक मोटर लग जाएगी। इसके बाद तरणताल में पानी भरा जाएगा। पूरी तरह से पानी भरने में करीब दो दिन लगेंगे। उसके बाद इसे जनता के लिए नियमानुसार खोल दिया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X