Kanpur: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत के दौरान लंबा जाम, आधे घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस
Kanpur News: भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के कानपुर में प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। हालांकि स्वागत कार्यक्रम के दौरान जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे एक एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक यातायात में फंसी रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के प्रथम नगर आगमन पर मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा। जीटी रोड स्थित जुगल पैलेस में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन इस दौरान सड़कों पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। स्वागत में जुटी भीड़ और वाहनों के काफिले के कारण लंबा जाम लग गया, जिसमें मरीज को ले जा रही एक एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक फंसी रही।
30 मिनट तक सायरन बजाती रही एंबुलेंस
जीटी रोड पर जुगल पैलेस के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़, आतिशबाजी और बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसी बीच एक गंभीर मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस जाम के बीचों-बीच आकर फंस गई।
एंबुलेंस चालक लगातार सायरन बजाकर रास्ता देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस जाम में रेंगती रही। मरीज के परिजनों की सांसें अटकी रहीं। बाद में किसी तरह मशक्कत के बाद एंबुलेंस को जाम से निकालकर अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
2047 के विजन और सुशासन को जन-जन तक ले जाएंगे'
इससे पूर्व, कानपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने आभार जताया। उन्होंने कहा, "मेरा कानपुर आगमन अपने भाइयों से मिलने के लिए हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन को लेकर युवा मोर्चा का एक-एक कार्यकर्ता जन-जन तक जाएगा।"
कार्यक्रम में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालाँकि, स्वागत के नाम पर लगे जाम और एंबुलेंस के फंसने से आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।