Kanpur: दोस्त के पिता की अंत्येष्टि से लौट रहे RBI कर्मी के बेटे को कार ने कुचला, हैलट में मौत
Kanpur News: दोस्त के पिता की अंत्येष्टि से लौट रहे आरबीआई कर्मी के बेटे की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बर्रा हाईवे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार का एक ऐसा खौफनाक कहर टूटा, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं। दोस्त के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया महिला कर्मचारी के 35 वर्षीय बेटे को अंडरपास से अचानक निकली एक अनियंत्रित कार ने रौंद दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक समेत कई फीट दूर जाकर गिरा। राहगीरों और पुलिस की मदद से लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हैलट अस्पताल में शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।
अंत्येष्टि से लौटते समय बर्रा अंडरपास के पास हुआ हादसा
किदवई नगर वाई ब्लॉक की रहने वाली मंजू द्विवेदी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत हैं। उनके पति अरविंद की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद मंजू को मृतक आश्रित कोटे से बैंक में नौकरी मिली थी। मंजू के तीन बेटों में आशीष, अमित द्विवेदी (35) और शरद थे। अमित पहले मछरिया इलाके में जर्दा का व्यापार करते थे, लेकिन पिछले करीब पांच महीनों से उनका यह काम बंद चल रहा था।
मृतक के ससुर मिथलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि शनिवार सुबह अमित बर्रा-छह निवासी अपने एक घनिष्ठ दोस्त के पिता की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। दोपहर करीब एक बजे जब वह अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर अपनी बाइक से वापस किदवई नगर घर लौट रहे थे, तभी बर्रा-दो स्थित एक निजी अस्पताल के पास अंडरपास से अचानक बेहद तेज रफ्तार में आई एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और अमित सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची बर्रा थाना पुलिस ने अमित की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन में घायल अमित को पहले साकेत नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो दिया, लेकिन अमित के सिर और आंतरिक अंगों में गंभीर चोटें होने के कारण हालत नाजुक देखते हुए तत्काल लाला लाजपत राय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हैलट में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे अमित ने आखिरकार शनिवार देर रात दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने की खबर मिलते ही बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे।
हादसे ने तोड़ी पीड़ित परिवार की कमर
अमित की इस अचानक हुई मौत से पूरे द्विवेदी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रिश्तेदारों ने रुआंसे गले से बताया कि यह परिवार पहले से ही एक गहरे सदमे में था। कुछ समय पूर्व ही मंजू द्विवेदी के सबसे छोटे बेटे शरद ने अज्ञात कारणों से आत्महत्या कर ली थी।
परिवार अभी छोटे बेटे को खोने के गम से उबर भी नहीं पाया था कि अब मंझले बेटे अमित की सड़क दुर्घटना में असमय मौत ने पूरे कुनबे की कमर तोड़कर रख दी है। अमित की मौत के बाद उनकी पत्नी सोनम और मासूम बेटी आराध्या का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें सांत्वना देने के लिए आस-पड़ोस के लोग जुटे हुए हैं।
बर्रा थाना इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारकर भागने वाली अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान की जा रही है। परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।