Auraiya: किशोर के आत्महत्या के प्रयास को ग्रामीणों ने विफल किया, समय रहते बची जान
Auraiya News: थाना बेला क्षेत्र के ग्राम मढ़ादासपुर में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर ने खेत में नीम के पेड़ पर दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने समय रहते उसे देख लिया और फंदे से उतारकर उसकी जान बचा ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मढ़ादासपुर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक 17 वर्षीय किशोर ने खेत में स्थित पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। हालांकि, गांव के ही एक 06 वर्षीय बच्चे की सूझबूझ और ग्रामीणों की त्वरित सतर्कता के चलते समय रहते किशोर की जान बचा ली गई। ग्रामीणों ने तत्काल फंदे को काटकर किशोर को नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
खेत में नीम के पेड़ से लगाया फंदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेला थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़ादासपुर निवासी शोभित कुमार (17) पुत्र रघुनाथ प्रसाद गुरुवार सुबह बिना कुछ बताए अपने घर से निकला था। खेतों की तरफ पहुंचने के बाद उसने वहां स्थित एक नीम के पेड़ पर चॉकलेटी रंग के दुपट्टे का फंदा बनाया और फांसी लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे गांव के 06 वर्षीय बालक अनुराग की नजर फांसी के फंदे पर झूलते शोभित पर पड़ गई। मासूम बच्चे ने बिना देरी किए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने दुपट्टा काटकर नीचे उतारा, सीएचसी में भर्ती
बच्चे का शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और गांव के साहसी युवक तुरंत मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ पर चढ़कर दुपट्टे को काटा और किशाेर को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद आनन-फानन में 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, जिसकी मदद से गंभीर अवस्था में घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेला पहुंचाया गया।
सीएचसी में मौजूद ट्रेनी फार्मासिस्ट अंशू, स्टाफ नर्स हेमवती और वार्ड बॉय संजय यादव समेत स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार किशोर की हालत अब स्थिर है और उसे गहन निगरानी में रखा गया है।