Unnao: चलते-चलते धू-धूकर जली फैक्टरी श्रमिकों की बस, ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं 46 जानें, सामान जलकर हुआ राख
Unnao News: उन्नाव-लालगंज मार्ग पर सुपर हाउस फैक्टरी की बस में आग लग गई। बस में सवार 46 श्रमिकों को चालक ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी की जान नहीं गई। हालांकि, बस और उसमें रखा श्रमिकों का सामान पूरी तरह जल गया है।
विस्तार
उन्नाव जिले में फैक्टरी के श्रमिकों को लेकर जा रही बस में अचानक आग लग गई। ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए बस को रोक कर सवारियों को सुरक्षित निकाला। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं। हालांकि, बस में रखा श्रमिकों का सामान जल गया।
जानकारी के अनुसार, उन्नाव स्थित सुपर हाउस की एक बस बुधवार सुबह ऊंचागांव, धानी खेड़ा आदि के सत्तर श्रमिकों को लेकर फैक्टरी आ रही थी। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर पचोड़डा गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। ड्राइवर ने तुरंत सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
श्रमिकों का सामान जलकर राख
हालांकि, बस में रखे श्रमिकों के कुछ झोले जिनमें लंचबॉक्स व कपड़े आदि थे…जलकर राख हो गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल का राख हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान
चालक लक्ष्मी शंकर के अनुसार बस में 46 श्रमिक सवार थे। उसके मुताबिक अत्यधिक गर्मी होने के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है। थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि सूचना मिली है। जांच की जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X