UP: तमंचा लेकर पत्नी के मायके पहुंचा युवक, ससुराल वालों से बोला- बेटी को साथ भेजना है या गोली खाओगे...
यूपी के घाटमपुर में एक युवक तमंचा लेकर पत्नी के मायके पहुंच गया। ससुराल वालों को धमकाते हुए बोला कि पत्नी को साथ भेजना है या गोली खाओगे। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
घाटमपुर में साढ़ थाना क्षेत्र के कुंडौली गांव में मायके में रह रही पत्नी को जबरन साथ ले जाने के लिए मंगलवार की रात पति तमंचा लेकर पहुंच गया। ससुराल वालों को धमकाते हुए कहा कि पत्नी को साथ भेजना है या गोली खाओगे। ससुराल वालों ने ग्रामीणों की मदद से उसे दबोच लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
पति द्वारा आए दिन की जा रही मारपीट से आजिज आकर पत्नी सप्ताह भर से यहां मायके में आकर रह रही थी। एसओ साढ़ विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कुंडौली गांव में पति अपनी पत्नी को जबरन साथ ले जाना चाहता है। पत्नी उसके साथ जाने को तैयार नहीं है। मायके वालों ने विरोध किया तो पति तमंचा लेकर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति केशव बाजपेई निवासी गांव गुगौली थाना कल्याणपुर फतेहपुर को तमंचा समेत गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसने फोन पर कई बार पत्नी को भेजने के लिए कहा, लेकिन मायके के लोग तैयार नहीं हो रहे हैं। इसलिए उन्हें डराने के लिए तमंचा ले आया था। आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी केशव बाजपेई पर फतेहपुर के कल्याणपुर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।