Lakhimpur Kheri: सीएचसी में नहीं थे डॉक्टर, स्टाफ ने भी नहीं सुनी गुहार, इलाज न मिलने से मरीज की मौत
लखीमपुर खीरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया में कथित तौर पर समय पर इलाज न मिलने के कारण एक 55 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह घटना सोमवार शाम को हुई जब मरीज को सीने में तेज दर्द के बाद अस्पताल लाया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सेवाओं की एकबार फिर लापरवाही उजागर हुई है। थाना तंबौर क्षेत्र के बरसिंघवा निवासी 55 वर्षीय मिलन सिंह को समय पर इलाज नहीं मिला, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मिलन सिंह सोमवार को फूलपुर गोनिया गांव में एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शाम को उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर काफी देर तक कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला।
मिलन सिंह के साथ आए ब्रजकिशोर ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे, तब मिलन सिंह की हालत गंभीर थी, लेकिन वह बातचीत कर रहे थे। परिजनों ने अस्पताल परिसर और वार्ड में मदद के लिए आवाज लगाई। अधीक्षक को कई बार कॉल लगाया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में मिलन सिंह तड़पते रहे। काफी देर तक कोई चिकित्सक या स्टाफ नहीं पहुंचा। उनकी हालत बिगड़ती गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
रात में नौ बजे पहुंचे डॉक्टर
परिजनों का आरोप है कि रात करीब नौ बजे डॉक्टर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनका कहना है कि चिकित्सकों ने केवल औपचारिकताएं पूरी कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक विनोद शंकर अवस्थी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से जानकारी ली।
विधायक ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि मामले की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। सीएचसी अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

कमेंट
कमेंट X