रमजान के तीसरे जुमे शुक्रवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में भारी संख्या में रोजेदारों ने जुमे की नमाज अदा की। नमाज के बाद खाद्य सामग्री और फलों की खरीदारी भी की। इस दौरान मस्जिदों के पास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
नगर क्षेत्र के शाही मस्जिद, खीरीबाग, रघुनाथपुरा, रौजा, मलिकटोला, औरंगाबाद, मिर्जाहादीपुरा, हट्ठीमदारी, बुलाकीपुरा, डोमनपुरा, मलिकटोला और धोबिया इमिली सहित विभिन्न मस्जिदों में रोजेदारों ने रमजान माह के तीसरे जुमे की नमाज अदा की।
सबसे ज्यादा भीड़ नगर के शाही कटरा मैदान स्थित शाही मस्जिद में रही। मुंशीपुरा, मिर्जाहादीपुरा, चौक, औरंगाबाद, घास बाजार सहित मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, मधुबन और चिरैयाकोट के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल देखी गई।
मधुबन : रमजान के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में खास रौनक देखी गई। तहसील क्षेत्र के दरगाह, सिपाह, बीबीपुर, दुबारी, फतेहपुर और मर्यादपुर सहित विभिन्न गांवों में रोजेदारों की भीड़ उमड़ी। रोजेदारों ने अपनी-अपनी मस्जिदों में दो रकात नमाज-ए-फर्ज (जुमा) अदा की।