मधुबन तहसील के टमठा गांव में मंगलवार को बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
बद्रीनाथ यादव, अरविंद यादव, सर्वेश पाल, जगदीश, रमाशंकर, मनीष, सुगन, विजय, जयश्री और विजय सिंगर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि टमठा बंधा डाला से टमठा गांव तक जाने वाली मुख्य सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी है। उनका कहना है कि इस सड़क का निर्माण वर्ष 2003 में हुआ था, लेकिन पिछले लगभग 10 वर्षों से इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे मार्ग पूरी तरह बदहाल हो चुका है।
बीडीओ अनिल कुमार मौर्य ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर हुए प्रदर्शन की जानकारी उन्हें नहीं है। मामले की जानकारी लेकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।